हरियाणा में मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, तेज धूप और उमस के बीच हिसार रहा सबसे गर्म
हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ने से उमस और गर्मी बढ़ गई है। हिसार में तापमान 38.7 डिग्री तक पहुंचा, 1 सितंबर से बारिश के आसार।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की रफ्तार थमने के साथ एक बार फिर तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. हिसार और भिवानी में पारा 37 डिग्री से ऊपर पहुंच गया. शनिवार को हिसार 38.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा.
हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून: राज्य मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, मानसून ट्रफ रेखा के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने से हरियाणा में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं. कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार के मुताबिक 31 अगस्त तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और मानसून गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है.
13 जिलों में 35 डिग्री से ज्यादा तापमान: प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भिवानी में पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया. इसके अलावा महेंद्रगढ़ में 36.9, रोहतक में 36.9, फरीदाबाद में 36.7, चरखी दादरी में 36.5, सिरसा में 36.4, नूंह में 36.3 और पलवल में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इनके अलावा अंबाला, रेवाड़ी, झज्जर और गुरुग्राम में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा. प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान कैथल में 32.9 और करनाल में 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा रहा दिन का तापमान: मानसून ब्रेक के चलते प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यह सामान्य से करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. यानी बारिश थमने के साथ दिन में धूप और गर्मी का असर बढ़ा है. हालांकि रात के तापमान में मामूली राहत देखने को मिली है.
भिवानी में सबसे ठंडी रात: दिन में सबसे ज्यादा गर्मी के बीच रात के तापमान में पिछले 24 घंटे में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. राज्य में रात का तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है. भिवानी में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. दूसरी ओर अंबाला में रात का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा और यहां न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार और करनाल में 26.2, रोहतक में 26.8, नारनौल में 27.5, गुरुग्राम में 27.2 और नूंह में 27.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
1 सितंबर से बदलेगा मौसम: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 31 अगस्त तक मानसून गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है. इसके बाद 1 से 3 सितंबर के बीच बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. 1 सितंबर से हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण दक्षिणी, पूर्वी और मध्य हरियाणा में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं 2 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. बारिश बढ़ने के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है. ऐसे में फिलहाल उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को सितंबर की शुरुआत में राहत मिलने की उम्मीद है.