शादी से इनकार पर हिंडन नदी में कूदी 19 वर्षीय युवती, बचाने प्रेमी भी नदी में उतरा; तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा पुल की घटना, पुलिस और SDRF/NDRF की टीमों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

ग्रेटर नोएडा। न्यूज़ डेस्क जगत क्रान्ति। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव स्थित हिंडन नदी के पुल के पास शनिवार रात एक 19 वर्षीय युवती के नदी में छलांग लगाने से हड़कंप मच गया। युवती की पहचान संजना के रूप में हुई है। उसे बचाने के लिए उसके साथ मौजूद युवक भी नदी में कूद गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवती का अभी तक पता नहीं चल सका है।

शादी को लेकर हुई थी बातचीत

परिजनों के अनुसार, संजना का राहुल नामक युवक से संपर्क था और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। शनिवार शाम फोन पर शादी को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई। परिजनों का आरोप है कि राहुल द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद संजना काफी परेशान हो गई और घर से निकल गई।

बताया गया कि संजना की मां और परिवार के लोग उसे रोकने के लिए पीछे पहुंचे। रात करीब 10 बजे कुलेसरा पुल पर पहुंचने के बाद युवती ने कथित तौर पर हिंडन नदी में छलांग लगा दी। उसे नदी में कूदता देखकर राहुल भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। स्थानीय लोगों ने राहुल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवती की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के प्रयास के बाद SDRF/NDRF की टीमों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। तेज बहाव और अंधेरे के कारण रात में तलाशी अभियान में कठिनाई आई। देर रात तक संजना का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

एसीपी राजीव कुमार गुप्ता के अनुसार, युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि युवती की तलाश जारी है। पुलिस परिजनों और युवक से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.