सीवर ओवरफ्लो और डॉक्टरों की कमी पर भड़की कांग्रेस, अस्पताल प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
हरियाणा युवा कांग्रेस ने बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर गंदगी और डॉक्टरों की कमी पर रोष जताया। प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
बहादुरगढ़ : हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से मंगलवार को सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। निरीक्षण के बाद युवा कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता वेद प्रधान भी मौजूद रहे।
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि सरकारी अस्पताल आम जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन यहां मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति चिंताजनक है। अस्पताल परिसर में सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो होने से गंदगी और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मरीजों को इलाज के लिए आने की बजाय अस्पताल परिसर में ही गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को इस समस्या का तत्काल समाधान कराना चाहिए।
ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष संदीप उर्फ सीटू बराही ने कहा कि ओपीडी में डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को दो से तीन घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों को विशेष परेशानी होती है। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने और ओपीडी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
कांग्रेस के शहरी ब्लॉक अध्यक्ष कमल अरोड़ा ने कहा कि अस्पताल के पीछे वर्षों से बन रही इमारत का उद्घाटन वर्ष 2018 में किया गया था, लेकिन आज तक यह पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भवन का उद्घाटन कई वर्ष पहले हो चुका है तो स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इसका उपयोग अब तक क्यों शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने भाजपा सरकार और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे जनता को समर्पित करने की मांग की। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा कोई एहसान नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है। जनता से जुड़े इन मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस हलका अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा, शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट, प्रवीन मान, शानू वत्स, मनीष परनाला, दिनेश सहवाग, वरुण राठी, प्रदीप वर्मा,राजेश कलसन, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।