Noida Crime News: नौकरी की तलाश में आए युवक की लात-घूंसों से पीटकर हत्या, चोरी के शक में भीड़ ने बनाया निशाना
नोएडा के हरौला गांव में चोरी के शक में हरदोई से आए युवक की पीट-पीटकर हत्या। पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार।
नोएडा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव से नौकरी की तलाश में आए 27 साल के युवक की लात-घूंसों से पीटकर हत्या कर दी गई। वह उत्तर प्रदेश के हरदोई से नोएडा आया था। सोमवार रात को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
परिजनों के मुताबिक मृतक प्रमोद कुमार आठवीं कक्षा तक पढ़ा था। उसके दो भाई और चार बहन हैं। प्रमोद हरदोई स्थित अपने गांव संडीला के रहने वाले नीरज लोधी के पास फेज वन थानाक्षेत्र के हरौला गांव पहुंचा। नीरज सुरेंद्र अवाना के मकान में किराये के मकान में रहता है। प्रमोद का चचेरा भाई सुशील और उसके गांव का विजय भी आसपास अलग-अलग कमरों में रहते हैं। सोमवार दोपहर प्रमोद नीरज के कमरे के आसपास था। इसी दौरान सुरेंद्र अवाना के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति ने उस पर चोरी का शक जताया।
आरोप था कि प्रमोद ने उसकी पत्नी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया है। इस बात को लेकर वहां हंगामा हुआ। माहौल बिगड़ता देख प्रमोद भाग गया। रात करीब 10 बजे प्रमोद दोबारा उसी क्षेत्र में पहुंचा। आरोप है कि पहले से नाराज लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में पड़ा रहा। मारपीट की जानकारी मिलने के बाद नीरज, सुशील और विजय उसे जिला अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोमवार रात करीब दो बजे से मंगलवार सुबह छह बजे के बीच 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पांच आरोपियों 30 साल के संतोष कुमार मंडल, 23 साल के करण कुमार मंडल, 48 साल के सुरेश मंडल, 19 साल के रौनक कुमार मंडल और 22 साल के निखिल उर्फ ब्रेवो को गिरफ्तार कर लिया। संतोष और करण मूलरूप से बिहार के सुपौल, सुरेश और रौनक मधुबनी और ब्रेबो आरा का निवासी है। आरोपी भी किरायेदार हैं।
सदमें में परिजन
पिता रामजीवन ने बताया कि प्रमोद भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। वह हरदोई के संडीला में जरदोजी कारीगरी का काम करता था। अधिक पैसे की उम्मीद में नोएडा गया था। वह सोमवार को ही परिचित के कमरे पर पहुंचा था। घटना से वह सदमें में हैं। परिजन शव लेकर गृह जनपद रवाना हो गए। दूसरी ओर, मोबाइल चोरी का आरोप सही था या नहीं, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।