NHAI Project Ghaziabad News: एनएच-9 से औद्योगिक क्षेत्रों के लिए सफर होगा आसान, अगले महीने तक तैयार हो जाएंगे नए रैंप
गाजियाबाद में एनएच-9 से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले वाहनों के लिए बन रहे दो नए रैंप। दुहाई-पतला सड़क की मरम्मत को भी मंजूरी।
गाजियाबाद में नेशनल हाईवे-9 से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए दो नए रैंप बनाए जा रहे हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) लालकुआं और विजयनगर के पास इसका निर्माण करा रहा। काम अंतिम चरण में है और ऐसा दावा है कि अगले महीने तक तैयार हो जाएंगे।
एनएच-9 से भारी वाहन औद्योगिक क्षेत्र में जाते हैं। लालकुआं और विजयनगर के पास औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले वाहनों को एनएच-9 से बाहर निकलने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। जाम की समस्या से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही। उद्योग बंधुओं की बैठक में भी जिलाधिकारी के सामने यह मुद्दा कई बार उठा। इसके बाद जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। एनएचएआई ने दोनों जगह रैंप बनाने का काम शुरू करा दिया है। इससे वाहनों चालकों को सीधे औद्योगिक क्षेत्र में जाने के लिए प्रवेश मिलेगा। एनएचएआई अधिकारी ने बताया दोनों रैंप को सर्विस रोड से जोड़ा जाएगा। रैंप बनाने का काम तेज गति से चल रहा है। अगले माह के आखिरी तक काम पूरा कर वाहनों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और आसपास की फैक्ट्रियों में आने-जाने वाले भारी वाहनों और लोगों को सुविधा मिलेगी।
दुहाई-पतला रोड की होगी मरम्मत
वहीं, लोक निर्माण विभाग गाजियाबाद में दुहाई से पतला और बंथला-ढिकौली संपर्क मार्ग की मरम्मत कराएगा। दोनों संपर्क मार्ग करीब 27 किलोमीटर लंबे हैं। वित्त समिति ने दोनों प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। दुहाई से पतला संपर्क मार्ग करीब 19 किलोमीटर लंबा है। मार्ग बदहाल होने से लोगों को परेशानी हो रही है। संपर्क मार्ग पर कई गांव भी हैं। ग्रामीणों को भी खेतों तक-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील है। इस कारण सड़क हादसे भी हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक ज्यादा चोटिल हो रहे हैं।
इस मार्ग से लोग पतला होते हुए धौलड़ी और बागपत की तरफ भी निकलते हैं। इसके अलावा बंथला-ढकौली पटरी की भी मरम्मत कराई जाएगी। आठ किलोमीटर लंबी बंथला-ढकौली पटरी के बदहाल होने से भी लोग परेशानी उठा रहे हैं। बंधला-ढिकौली पटरी पर काफी वाहन चलते हैं। बागपत जाने के लिए भी लोग पटरी का इस्तेमाल करते हैं। लोक निर्माण विभाग दोनों मार्गों की मरम्मत कराएगा।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राम राजा ने बताया कि वित्त समिति ने दुहाई से पतला मार्ग और बंथला-ढिकौली पटरी की मरम्मत का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। अन्य सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू होगा।