Ghaziabad Development Authority News: जीडीए लेकर आया रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट, हिंदी भवन में सोमवार को होगी बोली

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से 7 सितंबर को इंदिरापुरम और अन्य योजनाओं में 84 भूखंडों की नीलामी।

गाजियाबाद में इंदिरापुरम योजना समेत कई योजनाओं में रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट खरीदने का मौका है। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम के प्लॉटों पर भी बोलीदार बोली लगा सकते हैं। यहां 120 वर्ग मीटर से लेकर 7 हजार वर्ग मीटर तक के प्लॉट मौजूद है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण सोमवार को इन सभी प्लॉटों की नीलामी करने जा रहा है।

जीडीए की इंदिरापुरम व इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज से सबसे अधिक प्लॉट नीलामी में शामिल किए गए हैं। इसमें भी जीडीए ने पहली बार मिक्स लैंड यूज प्लॉट शामिल किए हैं। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, फैसलिटी प्लॉट आदि भी बोलीदारों के लिए रखे गए हैं।

जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस योजना में 18 मीटर चौड़ी सड़क पर प्राधिकरण के 5 मिक्स लैंड यूज प्लॉट मौजूद हैं, जिन्हें बेचा जाएगा। यह प्लॉट खरीदने के लिए बोलीदारों के पास अच्छा मौका होगा। इन्हें खरीदने के बाद प्राधिकरण से मिक्स लैंड यूज के तहत नक्शा स्वीकृत कराकर आवासीय समेत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्लॉट का प्रयोग किया जा सकेगा। अधिकारी बताते हैं कि 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से हिंदी भवन में बोली लगेगी। हालांकि इसके लिए बोलीदारों को सुबह 10 बजे पहुंचना होगा। जो भी बोलीदार प्लॉट पर ज्यादा बोली लगाएगा, उसे ही वह प्लॉट आवंटित कर दिया जाएगा। नीलामी के लिए प्राधिकरण की तैयारी पूरी हो चुकी है। नीलामी में 84 प्लॉट शामिल किए हैं।

इंदिरापुरम में सबसे अधिक प्लॉट

जीडीए ने इंदिरापुरम व इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज के 62 प्लॉट नीलामी में शामिल किए हैं। यह प्लॉट दुकान, व्यावसायिक, आवासीय, होटल, क्योस्क आदि तरह के है। इसके अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनकी बिक्री होगी। इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट हैं। वैशाली, कौशांबी, कर्पूरीपूरम, अंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर और यूपी बॉर्डर में भी विभिन्न तरह के प्लॉट मौजूद हैं। ये विभिन्न साइज के आवासीय, व्यावासिक, ग्रुप हाउसिंग, प्राइमरी नर्सरी स्कूल, हायर सेकेंड्री स्कूल, हॉस्पिटल, नर्सिंग होम, हेल्थ सेंटर आदि प्लॉट हैं।

पिछले साल प्राधिकरण ने 288 करोड़ कमाए

पिछले साल लोगों ने प्राधिकरण की संपत्ति काफी तादात में खरीदी है। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि पिछले साल गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ, कौशांबी, प्रताप विहार समेत अन्य योजनाओं में प्राधिकरण के खाली पड़े प्लॉट बोलीदारों ने बोली लगाकर खरीदे थे। इन प्लॉटों को बेचकर प्राधिकरण ने पिछले साल करीब 288 करोड़ रुपये की आय अर्जित भी की थी।

प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, ”जीडीए (गाजियाबाद विाकास प्राधिकरण) की संपत्ति ज्यादातर लोग खरीद रहे हैं। ऐसे में 7 सितंबर को होने वाली नीलामी में काफी प्लॉट बिकने की उम्मीद है। इससे प्राधिकरण को आय अर्जित होगी। लोगों से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हों।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.