Ghaziabad Dowry Case: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को तीसरी मंजिल से फेंका, हाथ-पैर और पसलियां टूटीं; 7 पर केस दर्ज

गाजियाबाद के विजयनगर में दहेज के लिए विवाहिता को तीसरी मंजिल से फेंका। पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज।

गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने और उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंकने का मामला सामने आया है। महिला के मुताबिक, घटना में उसके हाथ-पैर और पसलियां टूट गईं। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

प्रताप विहार सेक्टर-11 स्थित वाल्मीकि पार्क निवासी रहनुमा ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी नदीम के साथ हुई है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि 17 अगस्त को नदीम उसके साथ मारपीट कर रहा था। इस दौरान वह अपने मामा और पिता को वीडियो कॉल पर पूरी घटना दिखा रहा था। इसी दौरान ही नदीम ने उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके हाथ-पैर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूट गईं।

पीड़िता ने शिकायत में पति नदीम के अलावा ससुर इलयास, सास हसीना, देवर अमीर, ननद फरीन व सहीन और मामा मुर्फीद को भी आरोपी बनाया है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

मकान में घुसकर महिला से मारपीट

उधर, मोदीनगर के कस्बा फरीदनगर में घर में घुसकर महिला से पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कस्बा फरीदनगर निवासी महिला उरुशा की शादी दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी साजिद के साथ हुई थी। पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। जिस कारण महिला अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि गुरुवार को पति अपने साथियों के साथ कस्बा फरीदनगर आया और घर में घुसकर मारपीट की। जब भाभी बचाने आई तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।

महिला को शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप

वहीं, मोदीनगर की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला को शादी का झांसा देकर एक वर्ष से संबंध बनाने का मामला सामने आया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना रखी है। जिसे वह सार्वजनिक करने की बात कह रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसके पति की चार साल पहले मौत हो गई है। महिला के बच्चों को भी जान से मारने की धमकी आरोपी दे रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.