एचएस लक्की की मौजूदगी में थामा कांग्रेस का हाथ, पूर्वांचल समाज में मजबूत पकड़ वाले नेता ने छोड़ी ‘आप’
नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को झटका। पार्षद रामचंद्र यादव और पंजाबी अभिनेत्री अदिति आर्या कांग्रेस पार्टी में शामिल।
चंडीगढ़: नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ की सियासत में एक और बदलाव देखने को मिला है. आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर-15 के पार्षद रामचंद्र यादव ने मंगलवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया. उनके साथ पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री अदिति आर्या भी कांग्रेस में शामिल हुईं. सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की मौजूदगी में दोनों ने पार्टी की सदस्यता ली. यादव के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी कांग्रेस में पहुंचे.
चंडीगढ़ में AAP को झटका: रामचंद्र यादव ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच समर्थकों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचे. पार्टी में उनकी पकड़ खासतौर पर पूर्वांचल समाज के बीच बताई जाती है. यादव आम आदमी पार्टी के युवा संगठन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उनके कांग्रेस में आने को पार्टी नगर निगम चुनाव से पहले अपने लिए एक अहम राजनीतिक बढ़त के तौर पर देख रही है.
पार्षद रामचंद्र यादव और अभिनेत्री अदिति आर्या कांग्रेस में शामिल: अदिति आर्या के कांग्रेस में शामिल होने को भी पार्टी के लिए अलग तरह की बढ़त माना जा रहा है. पंजाबी सिनेमा में कई फिल्मों में काम कर चुकीं अदिति ने कहा कि वह चंडीगढ़ की बेटी हैं और उन्होंने शहर का वह दौर देखा है, जब चंडीगढ़ को देश के खूबसूरत और व्यवस्थित शहरों में गिना जाता था. उन्होंने कहा कि शहर को दोबारा उसी पहचान तक ले जाने की जरूरत है.
भाजपा को हराने की क्षमता कांग्रेस में-रामचंद्र: कांग्रेस में शामिल होने के बाद रामचंद्र यादव ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में जमीन पर काम करने वाले और काबिल कार्यकर्ताओं को वह सम्मान नहीं मिल रहा, जिसके वे हकदार हैं. उन्होंने चंडीगढ़ में पार्टी नेतृत्व को भी दिशाहीन बताया. यादव ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात में भाजपा को चुनौती देने और हराने की क्षमता कांग्रेस में है. उन्होंने कहा कि अब वह कांग्रेस के मंच से चंडीगढ़ और खासकर पूर्वांचल समाज से जुड़े मुद्दे उठाएंगे.
अदिति ने कहा- शहर की सफाई और विकास पर ध्यान जरूरी: अदिति आर्या ने कहा कि चंडीगढ़ की पहचान सिर्फ एक शहर की नहीं, बल्कि देश के सबसे बेहतर ढंग से प्लान किए गए शहरों में रही है. शहर की सफाई, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन और संस्कृति पर दोबारा गंभीरता से काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आम लोगों, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को जिस तरह कांग्रेस उठा रही है, उससे प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में आने का फैसला किया.
लक्की बोले- निगम चुनाव में कांग्रेस बनाएगी मेयर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि रामचंद्र यादव और अदिति आर्या का कांग्रेस में आना इस बात का संकेत है कि अलग-अलग वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में आएगी और उसका मेयर बनेगा. लक्की ने भाजपा के पिछले नगर निगम कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि पानी, सफाई, पार्किंग, ट्रैफिक, संपत्ति कर, सड़कों और नगर निगम की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दे आज भी लोगों के सामने हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक भाजपा के नेतृत्व वाला निगम होने के बावजूद शहर की कई मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका.