सांसद धर्मबीर सिंह बोले- अब स्विमिंग में भी देश-दुनिया में नाम कमाएंगे हरियाणा के युवा
सांसद धर्मबीर सिंह ने चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में विजेता तैराकों को किया सम्मानित।
बहादुरगढ़ : हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ से बीजेपी सांसद और हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मबीर सिंह का कहना है कि हरियाणा सरकार की खेल नीति से प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
सांसद धर्मबीर बहादुरगढ़ की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 22वीं मास्टर्स नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में शिरकत करने आये थे। यहां उन्होंनेविजेता तैराकों को मेडल पहनाकर उनका हौसला भी बढ़ाया। मास्टर्स नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में देश के सभी राज्यों से करीबन 1600 तैराक भाग ले रहे है। मास्टर्स नेशनल में खास आकर्षण रहे वे बुजुर्ग तैराक, जिनकी उम्र 80 से 85 साल के बीच है। इस उम्र में भी उनका जज्बा देख सांसद धर्मबीर सिंह खुद को तारीफ करने से रोक नहीं पाए। सांसद ने कहा कि जब 80 साल की उम्र के तैराक मेडल जीत सकते हैं, तो यह हम सबको सोचने पर मजबूर कर देता है कि जीने और खेलने की कोई उम्र नहीं होती।
सांसद धर्मबीर सिंह ने आगे कहा कि जिस तरह से देश और प्रदेश में खेल का बुनियादी ढांचा सुधर रहा है, उससे साफ है कि आने वाले समय में स्विमिंग जैसे खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले स्विमिंग में हरियाणा पीछे रहता था, लेकिन अब बहादुरगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार और सोनीपत जैसे शहरों में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है और माता-पिता का रुझान भी तेजी से बढ़ा है। केंद्र और राज्य सरकारों की खेल नीतियों से खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिल रहा है। सांसद ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों की भी जमकर सराहना की है। साफ है कि बहादुरगढ़ की इस चैंपियनशिप ने देश भर से आए खिलाड़ियों में एक नया जोश भर दिया है।