रधाना गांव के सरपंच से बदसलूकी, एसपी कुलदीप सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर

जींद के रधाना गांव के सरपंच ने डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर।

जींद: जिले के रधाना गांव के सरपंच रामकुमार ने ने डायल 112 पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सरपंच का आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी रात के समय उसे डायल 112 की गाड़ी में बैठाकर गांव से बाहर ले गए. रास्ते में उन्होंने शराब के लिए 800 रुपये मांगे. रुपये देने से मना करने पर कथित तौर पर उसे रात के अंधेरे में सड़क पर छोड़कर चले गए. सरपंच ने दोनों पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया.

पुलिस गाड़ी घूमती रही कर्मी शराब पीते रहेः सरपंच रामकुमार ने बताया कि “उनके गांव में एक लावारिस व्यक्ति आया हुआ था और उसकी सूचना पर डायल 112 उनके गांव में आई थी. पुलिस वालों ने सरपंच होने के नाते उन्हें बुलाया और कहा कि इस इस व्यक्ति का कोई नाम पता मालूम नहीं है और इस वृद्ध आश्रम में ले जाकर छोड़ा जाएगा. इसके लिए पुलिस वाले उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गए. उसे वृद्ध आश्रम में छोड़ने के बाद पुलिस वालों ने गाड़ी में शराब पीनी शुरू कर दी और मुझे भी पीने के लिए कहा. पुलिसकर्मी उन्हें गाड़ी में बैठाकर कई जगह घुमाते रहे.”

ठेके पर शराब लेने के बाद सरपंच से बोला पैसा दोः उन्होंने ठेके से 800 रुपए की शराब की बोतल ले ली. पुलिस वालों ने शराब के नशे में उससे कहा कि शराब के पैसे वह दे. मैंने जब कहा कि ना तो मैं शराब पीता हूं और ना ही मेरे पास पैसे हैं. पुलिसकर्मियों ने मुझसे बदतमीजी करते हुए मुझे किनाना के पास अंधेरे में उतार दिया और चले गए.

एसपी ने दोनों पुलिसकर्मी का कराया मेडिकल टेस्टः मैंने अपने बेटे को फोन करके घटना की जानकारी दी. मेरा बेटा मुझे लेने आया बाद में इसकी जानकारी हमने ग्रामीणों को दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद रात में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए. सरपंच की ओर से जींद के पुलिस अधीक्षक से दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल करवाने, उन्हें लाइन हाजिर करने और निलंबित करने की मांग की गई. मामले की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल भी करवाया गया.

सोशल मीडिया पर शिकायत पहुंचते ही एसपी ने लिया संज्ञानः मामले को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायत का पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डायल 112 पर तैनात दोनों पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस की ओर से कहा गया है कि “जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने स्पष्ट किया कि जींद पुलिस में किसी भी कर्मचारी की अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही या आमजन के साथ अनुचित व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”

जांच के बाद तय होगी कार्रवाईः पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है. फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है. सरपंच की ओर से उनके निलंबन और विभागीय जांच की मांग की गई है. घटना ने डायल 112 जैसी आपातकालीन पुलिस सेवा में तैनात कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.