सीएम नायब सैनी का बड़ा फैसला, 1 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में बनेंगे रिंग रोड और बाईपास

सीएम नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में रिंग रोड और नेशनल हाईवे बनाने के प्रस्ताव को दी मंजूरी। हिसार, जींद और कुरुक्षेत्र को मिलेगी जाम से राहत।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आमजन के लिए बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों एवं कस्बों के बाहर रिंग रोड एवं नेशनल हाईवे बनाने के कार्य को मंजूरी प्रदान की है. राष्ट्रीय राजमार्ग से शहरी क्षेत्र में भीड़भाड कम करने के लिए मास्टर प्लान के तहत एडॉप्शन ऑफ फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर आयोजित बैठक में सीएम ने इसका ऐलान किया.

लोगों को मिलेगी जाम से राहत: मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत बाह्य रिंग रोड एवं नेशनल हाईवे बनाने के लिए केन्द्र सरकार अनुसार पॉलिसी तैयार की जाए, ताकि शहरों एवं कस्बों में ट्रैफिक के दबाव कम करने के लिए बनाई जाने वाली सड़कों को अमलीजामा पहनाया जा सके. बैठक के दौरान केन्द्र सरकार के लागत शेयर के लिए वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है.

रिंग रोड-बाईपास की मंजूरी: मुख्यमंत्री ने बैठक में हिसार बाईपास, कुरुक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जीन्द बाईपास तथा सोहना पलवल बाईपास निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की. हिसार बाईपास, हिसार-राजगढ रोड़ एन एच 52 से हिसार देहली रोड तथा हिसार कैथल रोड से जोड़ने का कार्य करेगा. इसी प्रकार कुरूक्षेत्र लाडवा बाईपास की भी डीपीआर तैयार कर ली गई है. जल्द ही इस परियोजना पर भी कार्य आरम्भ किया जाएगा.

परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत: मुख्यमंत्री ने कहा कि नारनौल सिटी बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा. लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को स्टेट हाईवे एनएच 148बी से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा जींद के दूसरी तरफ बाह्य रिंग रोड एवं बाईपास एनएच 352 चार मार्गीय सड़क का निर्माण किया जाएगा. एनएच 919 से पलवल सोहना बाईपास को भी जीर्णोद्वार एवं री-डिजाईन कर निर्माण किया जाएगा. चार मार्गीय सड़क मार्ग लगभग 24 किलोमीटर लंबा होगा. इस परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपए की लागत आएगी.

करनाल और अंबाला में भी काम जारी: मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास केएमपी लिंक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे ग्रीनफिल्ड कनेक्टिविटी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए भी तैयार किया जाएगा. इसके अलावा करनाल रिंग रोड के लिए भी भूमि शेयर जमा करवा दिया गया है. अंबाला शहर एवं अंबाला कैंट से जोड़ने के लिए रिंग रोड का कार्य भी निर्माणाधीन है. इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा.

इन विकास कार्यों को भी मंजूरी: इसके अलावा बैठक में रेवाड़ी भटिंडा रेलवे लाईन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण तथा कनीना महेन्द्रगढ़ रोड से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुडीन, निम्भेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड, महेन्द्रगढ बुचौली रो, नांगवास से अटेली सड़क़ के अतिरिक्त कार्य को भी मंजूरी प्रदान की.

Leave A Reply

Your email address will not be published.