Greater Noida Hit and Run Case: नॉलेज पार्क में छात्रों को रौंदने का वीडियो वायरल, बीटा-2 में बच्ची पर चढ़ी कार
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में छात्रों को टक्कर मारने और बीटा-2 में बच्ची पर कार चढ़ाने का वीडियो वायरल। पुलिस जांच जारी।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से हिट एंड रन का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो GNIOT कॉलेज के पास का बताया जा रहा है, जिसमें सड़क किनारे खड़े छात्रों के बीच एक कार आती और कई लोगों को टक्कर मारती हुई नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि कार सवार युवक ने पांच छात्रों समेत करीब 6 लोगों को टक्कर मारी और मौके से कार लेकर फरार हो गया.
वायरल वीडियो में सड़क किनारे कई छात्र और अन्य लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान तेज गति से आई कार लोगों के बीच पहुंचती है और छात्रों व कुछ लोगों को टक्कर मार देती है. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. पूरी घटना कमरे में कैद होने के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद नॉलेज पार्क पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है.
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने क्या बताया?
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है घटना वास्तव में कहां की है. पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कर ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 में भी कार चालक की लापरवाही
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र इलाके के सेक्टर चाई-4 स्तिथ आदर्श विहार सोसाइटी में भी कार चालक की लापरवाही सामने आई है. यहां स्कूल जा रही मासूम बच्ची एक कार की चपेट में आ गई. शोर शराबा मचाते ही कार ड्राइवर ने कर को तेजी से रोक दिया. बताया जा रहा है कि बच्ची के पैर में चोट आई है. फिलहाल इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
दरअसल, शुक्रवार को एक स्कूली बच्ची रोड पर खड़ी ही थी. बच्ची बैग लेकर खड़ी थी, तभी एक कार आई और उसको टक्कर मार दी. इससे बच्ची गिर गई और फिर उसके बाद उस कार का एक टायर बच्ची के पैर से ऊपर से होकर गुजर गया, लेकिन कार के ड्राइवर को जब आभास हुआ तो उसने कार को वहीं पर रोका. फिर आसपास के लोग और वहां से गुजर रही एक महिला ने बच्ची को उठाया.
इस मामले में पुलिस ने क्या कहा?
बच्ची काफी रो रही थी क्योंकि उसके पैर में चोट लगी थी. मौके पर मौजूद लोग तुरंत बच्ची को आनन फानन में नजदीक अस्पताल लेकर पहुंचे. इस मामले में बीटा टू थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की इस तरह की घटना की अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस को न लिखित में कोई शिकायत और ना ही कोई सूचना दी गई है. अगर कोई सूचना मिलती है, तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी.