गाजियाबाद में अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांवों में बसेगी टाउनशिप, लैंड पूलिंग प्रक्रिया तेज

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी टाउनशिप के लिए लैंड पूलिंग प्रक्रिया शुरू। जीडीए उपाध्यक्ष को मिला पहला सहमति पत्र।

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी टाउनशिप के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को एक किसान ने जीडीए उपाध्यक्ष को लैंड पूलिंग के माध्यम से जमीन देने का सहमति पत्र दिया। ऐसे में अब अन्य किसानों से भी इसी तरह जमीन ली जाएगी।

एयरोसिटी टाउनशिप विकसित करने के लिए तीन गांव की जमीन चिह्नित की गई थी। इसमें मुख्य रूप से अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव शामिल हैं। इन गांवों की करीब 230.2232 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी, जिसमें से प्राधिकरण को यहां करीब 200.2515 हेक्टेयर जमीन किसानों से लेनी है। किसानों से जमीन लेने के लिए कीमत भी तय हो चुकी है। इसमें जीडीए अटौर गांव की 108.2604 हेक्टेयर जमीन अर्जित करेगा। अब चिह्नित जमीन किसानों से लैंड पूलिंग के माध्यम से लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई।

शुक्रवार को पहले किसान ने प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर योजना के लिए लैंड पूलिंग के जरिये जमीन देने का सहमति पत्र जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल को दिया। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जमीन लेने की प्रक्रिया शूरू हो गई है। एक महीने के भीतर सभी किसानों से जमीन लेने का सहमति पत्र ले लिया जाएगा।

वीडियो जारी कर लैंड पूलिंग का फायदा बताया

इस योजना में लैंड पूलिंग को प्राथमिकता देते हुए प्राधिकरण ने करीब सवा दो मिनट का एक वीडियो तैयार कर जारी किया है। इसमें लैंड पूलिंग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। बताया गया है कि योजना से ली गई भूमि की 25 फीसदी विकसित भूमि जीडीए किसानों को देगा। इसमें जीडीए जमीन के लिए पहले रकम खर्च नहीं करेगा।

पूरी तरह व्यावसायिक टाउनशिप विकसित होगी

अधिकारी बताते हैं कि एयरोसिटी टाउनशिप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बसाई जाएगी। यह पूरी तरह व्यावसायिक टाउनशिप होगी। यहां कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान, शोरूम आदि के लिए प्लॉट काटे जाएंगे।

बेहतर कनेक्टिविटी होगी

राजनगर एक्सटेंशन में जहां एयरोसिटी टाउनशिप प्रस्तावित है, उसके पास ही आंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। वहीं, हरनंदीपुरम टाउनशिप भी लाई जा रही है। ऐसे में यहां बेहतर कनेक्टिविटी होगी। सभी योजनाओं को एनपीआर, एलिवेटेड रोड, क्षेत्र की जोनल रोड, नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों से जोड़ा जाएगा, ताकि यहां आने जाने में किसी को कोई दिक्कत न हो।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ”एयरोसिटी टाउनशिप विकसित करने की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को किसान ने लैंड पूलिंग के माध्यम से जमीन देने का सहमति पत्र दिया है। इसी तरह अन्य किसानों से भी सहमति पत्र लेने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि योजना को आगे बढ़ाया जा सके।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.