Noida Police Action: CEC ज्ञानेश कुमार को धमकी देने वाले आरोपी का वीडियो वायरल, नोएडा पुलिस ने शुरू की जांच
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को धमकी देने वाला वीडियो वायरल। नोएडा पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच जारी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गर्दन काट लेने की धमकी देने का एक वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। इसमें एक शख्स मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गर्दन काट लेने की बात कहता नजर आ रहा है। इस शख्स का नाम रवि गौतम बताया जा रहा है। उसके बारे में यह भी कहा जा रहा है कि वह युवा शक्ति दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। शख्स नोएडा के सेक्टर-63 का रहने वाला बताया जाता है। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
ज्ञानेश कुमार की गर्दन काट दूंगा
आरोपी वीडियो में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक चेतावनियां देता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में वह कह रहा है कि यदि सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति उसको एक हत्या करने की माफी दें तो वह सबसे पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गर्दन को काट देगा। ज्ञानेश कुमार ने देश की आवाम का भविष्य काटने का काम किया है।
भाजपा को जिताने के लिए पद का किया दुरुपयोग
रवि गौतम यह भी आरोप लगा रहा है कि निर्वाचन आयोग ने देश की जनता के अधिकार और युवाओं के रोजगार को नुकसान पहुंचाया है। चुनाव आयुक्त ने एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल भाजपा को चुनाव में फायदा पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया गया। धमकाने वाला रवि गौतब अपने वीडियो में कई चुनावों में मतदाताओं के वोट काटे जाने का दावा भी किया। रवि गौतब कहता नजर आ रहा है कि चुनाव आयुक्त ने हर चुनाव में वोट कटवाने का काम किया है।
नोएडा पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान
अब नोएडा पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। नोएडा पुलिस इस वायरल वीडियो की सत्यता और उसके प्रसारण की जांच कर रही है। पुलिस पता लगा रही है कि वीडियो कब बनाया गया। इसको कहां शूट किया गया। इसे इंटरनेट मीडिया पर किसने वायरल किया? पुलिस अधिकारियों से इस वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है। जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष ने खोला मोर्चा
यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है जब कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि अब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा या उनके खिलाफ मुकदमे से कम पर कुछ भी स्वीकार नहीं होगा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि पहले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया गया और अब उन्हें दोबारा जोड़ने की बात कही जा रही है।