Ghaziabad News: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कार के अंदर मिला वेटरनरी डॉक्टर का शव, मंगलवार सुबह से थे लापता

गाजियाबाद के मुरादनगर में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कार से पशु चिकित्सक का शव मिला है। कमरे से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

गाजियाबाद के मुरादनगर थानाक्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह कार में पशु चिकित्सक (Veterinary Doctor) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई, जो मंगलवार सुबह दिल्ली स्थित अपने क्लीनिक जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश के बाद नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी दौरान कमरे से मिले सुसाइड नोट की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसमें मरने के लिए जाने की बात लिखी थी।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार में व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच शुरू की। कार में मिले आईडी कार्ड से मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी मंगल सोसाइटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज पुत्र गोपाल स्वरूप के रूप में हुई। इसके बाद नंदग्राम पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दी गई।

घर पर कमरे से मिला सुसाइड नोट

पुलिस की जांच में पता चला कि डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज पशु चिकित्सक थे और दिल्ली में अपना क्लीनिक चलाते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह कार से क्लीनिक जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब काफी प्रयास के बाद भी उनका पता नहीं चला तो घर में उनके कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। उसमें डॉक्टर ने लिखा था कि वह ‘मरने जा रहे हैं।’

सुसाइड नोट मिलने के बाद परिजन रात में नंदग्राम थाने पहुंचे और डॉ. शिवम की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच बुधवार सुबह मुरादनगर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

कार के अंदर बेहोशी की दवा और इंजेक्शन मिले

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि डॉक्टर की कार से बेहोशी की दवा और इंजेक्शन आदि बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि उन्होंने बेहोशी की दवा की अधिक मात्रा लेकर जान दी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पूछताछ में किसी तरह के पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। वहीं, कमरे से मिले सुसाइड नोट में भी डॉक्टर ने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। शिवम के फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई शिकायत नहीं दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.