पानीपत का लाल देश के लिए कुर्बान, 8 दिन की बेटी और 6 साल के बेटे को रोता छोड़ गए जवान विकास

पानीपत के मतलौडा निवासी सेना के जवान विकास देशवाल पटियाला में परेड के दौरान हार्ट अटैक से शहीद हो गए। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

पानीपत। पानीपत के मतलौडा क्षेत्र के रहने वाले सेना के जवान विकास देशवाल (29) कर्तव्य पथ पर सेवा देते हुए शहीद हो गए। पटियाला में ड्यूटी के दौरान परेड के वक्त उन्हें अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा, जिसके बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मतलौडा पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहीद विकास अपने पीछे रोती-बिलखती पत्नी, 6 साल के बेटे विवान और महज 8 दिन की दुधमुंही बेटी को छोड़ गए हैं। उनके अचानक चले जाने से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

😢 मासूम बेटे ने दी नम आंखों से अंतिम विदाई: 8 महीने पहले उठा था पिता का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

करीब 8 महीने पहले ही विकास के पिता वेद सिंह देशवाल का भी निधन हुआ था, और अब परिवार पर इस दूसरी बड़ी वज्रपात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। विकास 14 जून 2014 को सेना की 501 बटालियन में भर्ती हुए थे और वर्तमान में पटियाला में तैनात थे। 23 अक्टूबर की सुबह परेड के दौरान उनके सीने में दर्द उठा था, जिसके बाद 24 अक्टूबर की सुबह दोबारा दर्द होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान 6 साल के मासूम बेटे विवान ने जब पिता के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर हाथ जोड़े, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने इस दुखों की घड़ी में शहीद के परिवार को ढांढस बंधाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.