हरियाणा: मंत्री कृष्ण लाल पंवार का बड़ा एक्शन, मार्केट कमेटी सचिव को मंच से किया सस्पेंड

मतलौडा में पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन रमेश सैनी को शपथ दिलाई। समारोह में मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुंडू मंत्री को रिसीव करने नहीं पहुंचे और कार्यक्रम से भी अनुपस्थित रहे।

मतलौडा। मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में रविवार को पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन रमेश सैनी का शपथ दिलाई। समारोह के दौरान मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुंडू मंत्री पंवार के आगमन पर न उन्हें रिसीव करने और न ही कार्यक्रम में पहुंचे। सचिव अपने कार्यालय में ही बैठे रहे। इस पर मंत्री बेहद नाराज हो गए। उन्होंने स्टेज से ही मार्केट कमेटी सचिव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।

 

सस्पेंड की घोषणा के बाद ही सचिव कार्यालय से बाहर आए। मंत्री पंवार ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में इस प्रकार की लापरवाही और जिम्मेदारी से बचने वाला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभानी होगी। वहीं, कार्यक्रम में चेयरमैन के कार्यालय में रखी मेज और कुर्सियों की सफाई कार्यकर्ताओं को स्वयं करवानी पड़ी।

 

भीड़ होने पर पीछे खड़ा हो गया था: सचिव

मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुंडू ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां उन्हीं की देखरेख में कराई गई थीं। जब मंत्री कृष्ण लाल पंवार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उस समय अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह पीछे खड़े हो गए थे। सचिव का कहना है कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं पहले से ही करवा दी थीं और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.