होटल में प्रेमिका की हत्या: अमेठी से गिरफ्तार हुआ आरोपी बॉयफ्रेंड, तीन दिन के रिमांड पर

होटल में युवती की हत्या के आरोप में फरार प्रेमी अमेठी से गिरफ्तार; कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर की हत्या और खुद लिखा सुसाइड नोट।

फरीदाबाद: राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के फरीदाबाद के होटल में अपनी महिला मित्र की हत्या के बाद फरार बॉयफ्रेंड को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अमेठी से अरेस्ट किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने कोल्ड ड्रिंक में गर्लफ्रेंड को चूहे मारने की दवाई पिला दी थी। वहीं जब उसकी मौत हो गई तो खुद सुसाइड नोट लिखकर वहां से फरार हो गया था। जरूरी पूछताछ के बाद फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की DLF शाखा ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों शहर के एक होटल में एक युवती का शव मिला था। आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर होटल में ले गया था, जहां जहर देकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने युवती के पड़ोसी विपिन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में पुलिस उसे ढूंढते हुए उसके पैतृक गांव टीका मांडिया पूर्वा खडकपुर, जिला अमेठी पहुंची, जहां से उसे अरेस्ट किया गया है।

📋 भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार युवती के भाई ने थाना धौज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि 23 नवंबर को उसकी बहन घर से पढ़ाई करने के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस युवती की तलाश कर ही रही थी कि अगले दिन थाना सेक्टर-37 क्षेत्र स्थित एक होटल में एक युवती का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम कर आरोपी को अरेस्ट किया है।

🕵️ शादी के दबाव के चलते रची हत्या की साजिश

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात की वजह बताई है। उसने बताया कि वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके रिश्ते को न तो लड़की के घर वाले मानने को तैयार थे, और न ही खुद उसके घर वाले। चूंकि लड़की भी शादी के लिए दबाव बना रही थी, ऐसे में उसने लड़की की हत्या कर उससे हमेशा के लिए पीछा छुड़ाने का फैसला किया। आरोपी ने बताया कि 23 नवंबर को वह युवती को लेकर होटल में आया और चूहे मारने वाली दवा पिला दी। फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद एक सुसाइड नोट लिखा और मौके से फरार हो गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.