हरियाणा का बल्लभगढ़ देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित, हरियाणा के आठ जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
गुरुग्राम में लाइव AQI 435 तक पहुंचा
जगत क्रान्ति न्यूज
Haryana Weather Update : हरियाणा में इस समय सुबह-सुबह घना कोहरा और हर वक्त जहरीली हवा लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज 29 नवंबर से लेकर 1 दिसंबर तक प्रदेश के 8 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश का कोई भी बड़ा शहर अच्छी हवा वाली श्रेणी में नहीं है। बल्लभगढ़ की हवा तो देश में सबसे खराब दर्ज की गई है। कोहरे और प्रदूषण के मिलने से सुबह के समय स्मॉग बन रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गाड़ी चलाने में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार घना कोहरा जिन 8 जिलों में छाएगा, वो हैं – पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और कैथल। आज सुबह से ही इन जिलों में कई जगहों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई। अंबाला, करनाल, पानीपत और कुरुक्षेत्र में हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन 30 नवंबर और 1 दिसंबर को भी यही स्थिति रहेगी। सुबह 6 से 9 बजे के बीच कोहरा सबसे ज्यादा रहेगा। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और रात को ठंड बढ़ेगी। बाकी 14 जिलों में कोई चेतावनी नहीं है। पूरे प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
प्रदूषण की बात करें तो CPCB की ओर से 28 नवंबर शाम 4 बजे जारी पिछले 24 घंटे के औसत AQI के अनुसार बल्लभगढ़ में AQI 334 दर्ज किया गया, जो Very Poor श्रेणी में है। इसके बाद पंचगांव में 277, धरूहेरा में 263, फरीदाबाद में 258, भिवानी में 251, बहादुरगढ़ में 250, मंडीखेड़ा में 249, रोहतक में 213, पानीपत में 212, सोनीपत में 209, अंबाला में 203 और हिसार में 202 दर्ज किया गया। यानी सभी शहर Poor या Very Poor श्रेणी में थे।
आज सुबह 29 नवंबर के लाइव आंकड़ों में हालात और भी खराब दिखे। सुबह कोहरे और शांत हवा के कारण PM2.5 का स्तर बढ़ गया। गुरुग्राम में लाइव AQI 435 तक पहुंच गया, जो Severe श्रेणी है। पानीपत में 408, करनाल में 392, फरीदाबाद में 381 और रोहतक में 364 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार ठंडी हवा भारी होने के कारण प्रदूषक नीचे ही जम रहे हैं और कोहरे के साथ मिलकर स्मॉग बना रहे हैं। यही वजह है कि सुबह के समय हवा सबसे ज्यादा खतरनाक हो जाती है।
28 नवंबर को प्रदेश में दिन का तापमान थोड़ा कम हुआ। औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री हिसार के AMFU पर दर्ज हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री रोहतक में रहा। चंडीगढ़ में 27.8 डिग्री, अंबाला में 26.0 डिग्री, हिसार शहर में 27.9 डिग्री, करनाल में 25.4 डिग्री, नारनौल में 24.0 डिग्री और सिरसा में 28.0 डिग्री दर्ज हुआ। रात के तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री गुरुग्राम के AWS पर दर्ज हुआ, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री महेन्द्रगढ़ के KVK पर रहा। चंडीगढ़ में 10.0 डिग्री, अंबाला में 11.6 डिग्री, हिसार में 9.5 डिग्री, करनाल में 9.6 डिग्री, नारनौल में 8.0 डिग्री और रोहतक में 10.2 डिग्री दर्ज हुआ। 28 नवंबर को प्रदेश के किसी भी स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं हुई, सभी जगह Rainfall 0.0 मिमी रहा।
मौसम विभाग और डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह की सैर और आउटडोर एक्सरसाइज से बचें। बच्चे, बुजुर्ग और अस्थमा के मरीज बाहर न निकलें। बाहर निकलना पड़े तो N95 मास्क जरूर पहनें। कोहरे में गाड़ी धीमी चलाएं, फॉग लाइट जलाएं और गाड़ियों के बीच दूरी बनाए रखें। किसानों के लिए कोहरे से गेहूं और सरसों को फायदा होगा, लेकिन ज्यादा नमी से बीमारी का खतरा भी है, इसलिए सुबह कोहरे में स्प्रे न करें।
3 दिन हरियाणा में बारिश नहीं होगी, दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह घना कोहरा और हर वक्त खराब हवा लोगों को परेशान करेगी।
#Haryana #FogAlert #YellowAlert #Pollution #AQI #AirPollution #Smog #HaryanaWeather #HaryanaNews #Chandigarh #Gurugram #Faridabad #Ballabgarh #Panipat #Karnal #Ambala #Sonipat #Kaithal #Kurukshetra #Panchkula #Yamunanagar #IMD #CPCB #Winter