दिल्ली में बढ़ेगी हरियाणा की ताकत! 15 सांसदों वाले प्रदेश की चर्चा से गरमाई सियासत

कांग्रेस, भाजपा समेत तमाम दल कर रहे आंकलन, 2008 में हुआ था परिसीमन

सत्य खबर हरियाणा

Reumer of Delimitation : हरियाणा की सियासत में इस समय सबसे बड़ी चर्चा एक ही है, क्या प्रदेश को अब 10 की जगह 15 सांसद मिलेंगे?परिसीमन को लेकर दिल्ली से आ रही खबरों के बाद चंडीगढ़ से लेकर गांव-गांव तक यही सवाल पूछा जा रहा है। चर्चा है कि पलवल, झज्जर, जींद, रेवाड़ी और फतेहाबाद को अलग लोकसभा सीट मिल सकती है, और अगर ऐसा हुआ तो हरियाणा का पूरा सियासी नक्शा ही बदल जाएगा।लेकिन एक बात साफ है – अभी तक यह सिर्फ प्रस्ताव और चर्चा है। नई सीटों के नाम और सीमाओं पर अंतिम फैसला परिसीमन आयोग ही करेगा।

केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़ा विधेयक पेश करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत देशभर में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों की व्यवस्था होगी।

हरियाणा के लिए यह प्रस्ताव इसलिए खास है, क्योंकि लंबे समय से प्रदेश में सीटें बढ़ाने की मांग उठती रही है। आबादी बढ़ी है, शहरों का विस्तार हुआ है, नए जिले बने हैं, लेकिन लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं 2008 के परिसीमन के बाद से वैसी ही चली आ रही हैं। कई लोकसभा क्षेत्र तो इतने बड़े हो गए हैं कि एक सांसद के लिए पूरे क्षेत्र में पहुंचना और विकास कार्यों पर नजर रखना मुश्किल हो गया है।

कौन सी हैं मौजूदा 10 सीटें

वर्तमान में हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं – अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेन्द्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद।

इनमें से अंबाला और सिरसा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। बाकी आठ सीटें सामान्य वर्ग की हैं।

इन 10 सीटों में से गुरुग्राम और फरीदाबाद सबसे ज्यादा शहरी और आबादी वाले क्षेत्र हैं। वहीं भिवानी-महेन्द्रगढ़ भौगोलिक रूप से सबसे बड़ा क्षेत्र माना जाता है। हिसार, सोनीपत और रोहतक जैसे क्षेत्रों में भी आबादी का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

पांच नई सीटें कहां बन सकती हैं

परिसीमन आयोग ही अंतिम रूप से तय करेगा कि नई सीटों के नाम क्या होंगे और उनकी सीमाएं कहां से कहां तक होंगी, लेकिन राजनीतिक हलकों और प्रशासनिक चर्चाओं में पांच नाम सबसे आगे चल रहे हैं – पलवल, झज्जर, जींद, रेवाड़ी और फतेहाबाद।

चर्चा है कि इन पांच जिलों को अलग लोकसभा सीट का दर्जा मिल सकता है। अभी ये जिले किसी न किसी बड़ी लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। मिसाल के तौर पर पलवल अभी फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में आता है, झज्जर रोहतक में, जींद सोनीपत और हिसार में बंटा हुआ है, रेवाड़ी गुरुग्राम और भिवानी-महेन्द्रगढ़ में, जबकि फतेहाबाद सिरसा और हिसार लोकसभा क्षेत्र में आता है।

अगर ये पांचों जिले अलग लोकसभा क्षेत्र बन जाते हैं, तो न केवल इन जिलों की अलग पहचान बनेगी, बल्कि विकास की योजनाओं में भी तेजी आने की उम्मीद है।

भिवानी-महेन्द्रगढ़ को लेकर भी चर्चा

इसके अलावा एक और बड़ी चर्चा भिवानी-महेन्द्रगढ़ सीट को लेकर है। कहा जा रहा है कि भिवानी को अलग सीट बनाकर महेन्द्रगढ़ को रेवाड़ी लोकसभा क्षेत्र में जोड़ा जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो दक्षिण हरियाणा का सियासी समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा। हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

इसी तरह गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र को भी छोटा करने की बात कही जा रही है। गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आबादी और औद्योगिक विकास को देखते हुए रेवाड़ी और महेन्द्रगढ़ के कुछ हिस्सों को अलग करना जरूरी माना जा रहा है।

SC और महिला आरक्षण का क्या होगा

नए परिसीमन के साथ महिला आरक्षण भी लागू होगा। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। हरियाणा में 15 में से 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।

इसी तरह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ सकती है। अभी हरियाणा में 2 लोकसभा सीटें SC के लिए आरक्षित हैं। नए फॉर्मूले के हिसाब से यह संख्या बढ़कर 3 हो सकती है। चर्चा है कि सिरसा, अंबाला के साथ रोहतक को भी आरक्षित श्रेणी में रखा जा सकता है। हालांकि आरक्षित सीटों का अंतिम फैसला भी परिसीमन आयोग ही करेगा।

विधानसभा में भी यही फॉर्मूला लागू होगा। 135 में से 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी और SC के लिए आरक्षित सीटें 17 से बढ़कर करीब 25 हो जाएंगी।

2011 की जनगणना बनेगी आधार

परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाने का प्रस्ताव है। राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा मोटे तौर पर 1971 की जनगणना पर आधारित मौजूदा हिस्सेदारी के अनुसार ही रहेगा। प्रस्तावित व्यवस्था 2051 तक लागू रहेगी।

आयोग की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के कार्यरत या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त या उनके नामित आयुक्त और संबंधित राज्य के निर्वाचन आयुक्त भी आयोग के सदस्य होंगे। प्रत्येक राज्य से लोकसभा अध्यक्ष पांच सांसदों और विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को सहयोगी सदस्य के रूप में नामित करेंगे। ये सदस्य बैठकों में अपने क्षेत्र का पक्ष रख सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान या अंतिम निर्णय पर हस्ताक्षर का अधिकार नहीं होगा।

क्या बदलेगा आम आदमी के लिए

परिसीमन केवल नेताओं के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भी मायने रखता है। छोटा लोकसभा क्षेत्र होने से सांसद की अपने क्षेत्र में पहुंच बढ़ेगी। गांवों और कस्बों की समस्याएं संसद तक जल्दी पहुंचेंगी। विकास निधि का बंटवारा भी ज्यादा संतुलित होगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नई सीटों के बनने से नए चेहरों को भी मौका मिलेगा। छोटे जिलों और कस्बों के नेताओं को भी सांसद बनने का अवसर मिलेगा, जो अभी बड़े नेताओं के साये में दब जाते हैं।

इतना तय है कि अगर प्रस्ताव लागू हुआ तो हरियाणा की राजनीति का नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। 10 सांसदों वाला हरियाणा 15 सांसदों वाला हरियाणा बन जाएगा और प्रदेश की दिल्ली में आवाज और मजबूत होगी।

 

#Haryana #Delimitation #HaryanaNews #LokSabha #Parliament #Palwal #Jhajjar #Jind #Rewari #Fatehabad #HaryanaPolitics #BreakingNews #Chandigarh #Gurugram #Faridabad #Rohtak #Hisar

Leave A Reply

Your email address will not be published.