लोहारू: थाना बना मिसाल! इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने थाना परिसर में उगाईं सब्जियां और फल, पर्यावरण का अनोखा संदेश

लोहारू थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने थाना परिसर की कायापलट कर दी है। बंजर जमीन को समतल कर वहां फलदार पेड़ और सब्जियां उगाईं, जिससे थाना अब हरियाली और स्वच्छता का प्रतीक बन गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

लोहारू। लोहारू थाना प्रभारी निरीक्षक जरनैल सिंह ने अपने कर्तव्य के साथ-साथ पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए थाना परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का उदाहरण पेश किया है। अगस्त 2025 में रोहतक से स्थानांतरण के बाद उन्होंने थाना परिसर में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाकर बंजर जमीन को समतल करवाया और वहां छायादार, फलदार पेड़-पौधे तथा विभिन्न प्रकार की सब्जियां लगाईं।

थाना परिसर में प्रवेश करते ही हरियाली और स्वच्छता का एहसास होता है। फरियादी और आगंतुक थाना परिसर की इस सजावट और हरियाली को देखकर प्रेरित होते हैं। इंस्पेक्टर जरनैल सिंह का मानना है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक संदेश देने की भी जिम्मेदारी निभाती है।

उन्होंने ड्यूटी के साथ-साथ खुद सब्जियों की खेती करके यह संदेश दिया कि इच्छाशक्ति और समर्पण से सरकारी परिसर भी पर्यावरण संरक्षण और स्वावलंबन का उदाहरण बन सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों में पेड़-पौधे और सब्जियां लगाएं, जिससे न केवल घर का वातावरण शुद्ध और हरा-भरा बने, बल्कि ताजी और रसायन मुक्त सब्जियां भी उपलब्ध हों और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित हो। लोहारू थाना आज कानून व्यवस्था का केंद्र होने के साथ-साथ हरियाली, स्वच्छता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बनता जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.