भिवानी-हांसी फोरलेन: बवानीखेड़ा बाईपास पर हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग से अटका काम, 21 फरवरी से शटडाउन; जानें कब शुरू होगा सफर
802 करोड़ की भिवानी-हांसी फोरलेन परियोजना अंतिम चरण में है। बवानीखेड़ा बाईपास पर 132 केवी हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग के कारण काम प्रभावित हुआ है। 21 फरवरी से शटडाउन मिलने के बाद मार्च तक टोल शुरू होने और सड़क पूरी तरह खुलने की संभावना है।
भिवानी। राष्ट्रीय राजमार्ग 148बी अथॉरिटी की करीब 802 करोड़ रुपये की भिवानी-हांसी फोरलेन परियोजना अंतिम चरण में एक बार फिर अटक गई है। बवानीखेड़ा बाईपास पर 132 केवी पावर सब स्टेशन की हाईटेंशन बिजली लाइन शिफ्ट किए जाने में देरी से काम प्रभावित हुआ है। हालांकि 21 फरवरी से शट डाउन मिल चुका है और लाइन शिफ्टिंग का कार्य एनएच 148बी अथॉरिटी की एजेंसी करेगी जिसकी निगरानी हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएनएल) हिसार डिविजन करेगा।