Doctor vs Police: होली पर शिकायत करना डॉक्टर को पड़ा भारी! अस्पताल से उठवाकर थाने में पीटा; जानें अधिकारियों का पक्ष

हरियाणा के घरौंडा में पुलिस पर डॉक्टर के साथ मारपीट कर जबरन थाने ले जाने का गंभीर आरोप लगा है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद डॉक्टरों ने विरोध में सिविल अस्पताल में काम बंद करने का ऐलान कर दिया है.

करनाल के घरौंडा में हरियाणा पुलिस पर गंभीर इल्जाम लगे हैं. इल्जाम घरौंडा के सरकारी अस्पताल में कार्य करने वाले डॉक्टर ने लगाए हैं. डॉक्टर का कहना है कि पुलिस वालों ने उनके साथ मारपीट की, गाड़ी में बैठाया और थाने ले जाकर बंदी बना लिया.डॉक्टर के मुताबिक गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने पुलिस को फोन करके कहा था कि कुछ लोग होली के दिन अस्पताल आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और यहां लड़ाई हो सकती है, इसलिए पुलिस को भेज दिया जाए.

जब पहली बार कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला तो डॉक्टर ने दोबारा एसएचओ को फोन लगाया. इसके बाद थोड़ी तू-तू मैं-मैं हुई. आरोप है कि इसके बाद गुस्से में एसएचओ और कुछ पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंच गए.

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद पहले डॉक्टर को ढूंढा गया और फिर उनके साथ मारपीट की गई. इसके बाद उन्हें गाड़ी में बैठाकर जबरदस्ती थाने ले जाया गया. वहीं, पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ने उनके साथ गाली-गलौज की थी.

क्या बोले डॉक्टर?

मामला दूसरे डॉक्टरों को पता चला तो उन्होंने वर्क सस्पेंड करने का ऐलान कर दिया. डॉक्टरों का कहना है कि जब तक संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड नहीं किया जाता और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक घरौंडा में कोई भी डॉक्टर काम नहीं करेगा.

एक चश्मदीद ने बताया कि एसएचओ ने पहले डॉक्टर को थप्पड़ मारा और फिर गाड़ी में बैठाकर जबरदस्ती पुलिस थाने ले गए. जबकि डॉक्टर की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने होली के दिन फोन कर पुलिस को बताया था कि कुछ लोग अस्पताल में गाली-गलौज कर रहे हैं और यहां झगड़ा हो सकता है.

जब तक एक्शन नहीं, तब तक हड़ताल

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी डॉक्टर को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.

वहीं इस मामले में अभी तक पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि पुलिस की ओर से यह आरोप जरूर लगाया गया है कि डॉक्टर ने फोन पर गाली-गलौज की थी, जिसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया. दूसरी ओर मौके पर मौजूद लोग आरोप लगा रहे हैं कि डॉक्टर के साथ मारपीट की गई और फिर उन्हें थाने ले जाया गया.

कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पुलिसकर्मी उस समय शराब के नशे में थे. फिलहाल मामला अब बड़े अधिकारियों तक पहुंच चुका है. अब देखना यह होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है. डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक घरौंडा नागरिक अस्पताल में कोई भी डॉक्टर काम नहीं करेगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.