सेक्टर 63A में नहीं है मूलभूत सुविधाओं के अनुरूप कोई व्यवस्थित मार्केट
विधायक पंकज सिंह ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों व निवासियों को दिया सभी प्रमुख मुद्दों के एक सप्ताह के भीतर समाधान का आश्वासन
न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश । नोएडा । राजेश शर्मा । आज सेक्टर 63A, नोएडा में विधायक पंकज सिंह एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक समस्याएं सुनी और सभी प्रमुख मुद्दों का एक सप्ताह के भीतर समाधान का आश्वासन दिया।
ओम रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष ओमपाल शर्मा के नेतृत्व में सेक्टरवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न गंभीर समस्याएं विधायक महोदय के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष RWA एवं वरिष्ठ महामंत्री उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मनोज भाटी ने सेक्टर में स्थानीय मार्केट के अभाव को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा:“सेक्टर 63A एक तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं के अनुरूप कोई व्यवस्थित मार्केट नहीं है। इससे निवासियों को दैनिक जरूरतों के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की हानि होती है। यदि सेक्टर में एक सुव्यवस्थित मार्केट विकसित किया जाता है, तो इससे न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि छोटे व्यापारियों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।”
उन्होंने इस मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने का आग्रह किया, जिस पर विधायक जी ने शीघ्र मार्केट बनवाने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई के दौरान प्रमुख समस्याओं में सीवर ओवरफ्लो, खुले मेनहोल, सफाई व्यवस्था की कमी, FNG रोड पर बहलोलपुर पुलिस चौकी के सामने फुट ओवर ब्रिज की आवश्यकता, सड़क के बीच स्थित ट्रांसफार्मर, अवैध अतिक्रमण, स्थानीय मार्केट का अभाव, स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता, आवारा पशुओं का आतंक एवं जल निकासी की समस्या शामिल रही।
विधायक पंकज सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों का त्वरित एवं स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर RWA के अध्यक्ष ओमपाल शर्मा, महासचिव मुकेश शर्मा, रामनिवास यादव, मनोज भाटी, उदयवीर शर्मा, लीकेश शर्मा, विक्रांत चौहान, सतपाल चौहान, छत्रपाल चौहान, धर्मपाल चौधरी, ओमपाल चौधरी, सुंदर चौहान, सुरेंद्र यादव, अरुण मौर्य, आनंद कुमार सहित अनेक गणमान्य सेक्टरवासी उपस्थित रहे।
सेक्टरवासियों ने विधायक महोदय के आश्वासन पर विश्वास जताते हुए शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।