सोनीपत: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 5 शार्प शूटर गिरफ्तार, व्यापारियों पर फायरिंग की थी तैयारी

सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट की बड़ी कार्रवाई! लॉरेंस बिश्नोई और मलिक गैंग के 5 शार्प शूटर दबोचे। व्यापारियों से फिरौती के लिए रेकी और फायरिंग की फिराक में थे आरोपी।

सोनीपत : दिल्ली एनसीआर और हरियाणा के कई व्यापारियों से विदेशों में बैठे गैंगस्टर करोड़ों रुपए की फिरौती के लिए धमकी दे रहे है और कई व्यापारियों पर तो शार्प शूटरों ने फिरौती के लिए फायरिंग भी की है। अब उन शार्प शूटरों पर हरियाणा पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। एक तरफ एसटीएफ के ऑपरेशन में शार्प शूटरों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा जा रहा है तो दूसरी तरफ हरियाणा पुलिस की सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर 7 क्राइम ब्रांच ने पांच ऐसे शार्प शूटरों को अवैध पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है, जोकि व्यापारियों पर फायरिंग करने के लिए उनकी रेकी करने में जुटे थे।

बता दें कि ये पांचों युवक विदेशों में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर हरियाणा के कई व्यापारियों के आवासों और दुकानों पर फायरिंग करने की फिराक में थे, क्योंकि इनके आकाओं ने व्यापारियों से फिरौती मांगी थी और ये पांचों शार्प शूटर मलिक नाम के एक गैंगस्टर से जुड़े थे और यह गैंग सीधे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। हालांकि अभी तक पुलिस ने पांचों की पहचान गुप्त रखी है और इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि इनके आकाओं के अन्य शार्प शूटरों तक पहुंचा जा सके।

वहीं इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अजीत सिंह ने बताया कि पांचों शार्प शूटरों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। यह विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में थे और यहां से मोबाइल छीनकर ओटीपी के माध्यम से फोन चला कर धमकी देते थे और अब पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.