Ambala Weather: अंबाला में आसमान से बरस रही आग; रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट
अंबाला में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का प्रकोप। दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा। स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, जानें हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय।
अंबाला : हरियाणा के अंबाला में इन दिनों मौसम के तेवर बेहद तल्ख हो चुके हैं। लोग भयंकर और रिकॉर्डतोड़ गर्मी का सामना कर रहे हैं। दोपहर होते-होते आसमान से ऐसी आग बरस रही है कि सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि बिना मजबूरी के कोई भी घर से बाहर कदम रखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।

अंबाला में सूरज की तपिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जरूरी कामकाज के सिलसिले में जो लोग बाहर निकल भी रहे हैं, वे पूरी तरह से खुद को ढक कर निकल रहे हैं। इस जानलेवा गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। वहीं लोगों का कहना है वे मजबूरी में घरों से बाहर निकल रहे हैं। उनके कामकाज पर भी गर्मी का बहुत असर पड़ रहा है। उन्हें अपना सफर रुक रुक कर पूरा करना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग भी लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे लापरवाही न बरतें, खुद को हाइड्रेटेड रखें और बुजुर्गों व बच्चों का खास ख्याल रखें। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है कि यदि हो सके तो वे दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक घरों से बाहर न निकले,जितना हो सके, पानी और पेय पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें,नींबू पानी,ORS घोल, लस्सी और नारियल पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।