Bahadurgarh: जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर 29 कर्मचारियों के खिलाफ FIR की सिफारिश

बहादुरगढ़ नगर परिषद ने जनगणना कार्य से अनुपस्थित रहने वाले 29 प्रगणकों (Enumerators) के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की है। 31 मई तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में राष्ट्रीय जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बहादुरगढ़ नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं चार्ज ऑफिसर संजय रोहिल्ला ने सिटी थाना बहादुरगढ़ को पत्र लिखकर 29 प्रगणकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की है।

जानकारी के अनुसार, जिन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है उनमें 17 पुरुष और 12 महिला प्रगणक शामिल हैं। इन कर्मचारियों पर राष्ट्रीय जनगणना ड्यूटी से जानबूझकर अनुपस्थित रहने और सौंपे गए कार्य को गंभीरता से नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।

नगर परिषद कार्यालय ने इस लापरवाही को राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बाधा उत्पन्न करने की श्रेणी में माना है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बहादुरगढ़ शहर में जनगणना कार्य के लिए कुल 435 ब्लॉक बनाए गए हैं, जबकि निगरानी के लिए 72 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने 31 मई तक जनगणना कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला ने स्पष्ट कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.