Bawani Khera Mandi: बिडिंग में देरी पर भड़के आढ़ती, अनाज मंडी के गेट पर जड़ा ताला

बवानीखेड़ा अनाज मंडी में बिडिंग प्रक्रिया ठप होने से आढ़तियों का हंगामा। मुख्य गेट पर ताला लगाकर किया प्रदर्शन। 7 लाख बोरी गेहूं की आवक, उठान न होने से किसान परेशान।

बवानीखेड़ा। अनाज मंडी में खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाकर मंगलवार को आढ़तियों ने हंगामा कर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया जिससे मंडी का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ी।

आढ़तियों का आरोप है कि खरीद एजेंसी की ओर से बिडिंग प्रक्रिया सही तरीके से नहीं की जा रही जिसके कारण गेहूं की उठान प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से अब तक केवल 70,000 बोरियों की ही बिडिंग हो पाई है जबकि मंडी में सात लाख बोरियों से अधिक गेहूं की आवक हो चुकी है। इससे मंडी में गेहूं के ढेर लग गए हैं और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

आढ़तियों ने हैफेड पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खरीद के बाद भी समय पर बिडिंग नहीं हो रही जिससे मंडी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो किसानों और आढ़तियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सूचना मिलने पर हैफेड मैनेजर राम अवतार मौके पर पहुंचे और आढ़तियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मंडी में एक ही एजेंसी काम कर रही है जिससे दिक्कत आ रही है। जल्द ही व्यवस्था में सुधार कर बिडिंग प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आढ़तियों ने ताला खोल दिया और आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर वे फिर से आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में मंडी प्रधान सुखबीर भाकर, धर्मेंद्र बल्हारा, पितराम मित्तल, विजय शर्मा, सुखबीर थ्योरी, चेतन शर्मा, भीमसेन, लाली जाखड़, संदीप और सुखपाल भाकर सहित अनेक आढ़ती मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.