Delhi Office Timings Change: दिल्ली में सरकारी दफ्तरों का समय बदला; ईंधन बचाने के लिए CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला

Delhi News: दिल्ली सरकार और MCD दफ्तरों के समय में बदलाव। ईंधन बचत के लिए CM रेखा गुप्ता ने शुरू किया 90 दिनों का अभियान, मंत्रियों की विदेश यात्रा पर भी रोक।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की बचत की अपील का हवाला देते हुए सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है. दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 तक रहेंगे. वहीं MCD के दफ्तर का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है. बता दें कि दिल्ली सरकार ने ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने के लिए 90 दिनों का विशेष जन-अभियान शुरू करने का ऐलान किया है.

सरकारी संस्थानों के दफ्तरों का समय बदला

उन्होंने बताया कि अलग-अलग सरकारी संस्थानों के दफ्तरों का समय भी अलग-अलग रखा जाएगा ताकि ट्रैफिक और ईंधन की खपत को कम किया जा सके. इसके तहत एमसीडी दफ्तरों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से शाम 5 बजे तक, दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 7 बजे तक और केंद्र सरकार के दफ्तरों का समय सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक रहेगा.

एसी का तापमान भी तय

वहीं ऊर्जा बचत के लिए सरकारी दफ्तरों में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखा जाएगा. दफ्तरों में मुख्य स्विच और सेंसर आधारित लाइटिंग सिस्टम लगाए जाएंगे ताकि कमरे खाली होने पर बिजली खुद-ब-खुद बंद हो सके.

तीन महीने का जन-अभियान

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह तीन महीने का जन-अभियान होगा, जिसके तहत लोगों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, अनावश्यक विदेशी यात्रा और गैर-जरूरी खर्च कम करने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की जाएगी.

‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील

उन्होंने ‘मेट्रो मंडे’ अभियान की भी घोषणा की, जिसके तहत हर सोमवार मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे. साथ ही हफ्ते में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की गई है ताकि लोग निजी वाहनों का कम उपयोग करें. कार पूलिंग, कार साझा करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.