GCW कैरू में नए सत्र से B.Sc और M.Sc भूगोल शुरू; छात्राओं को मिलेंगे नए अवसर
राजकीय कन्या महाविद्यालय कैरू में सत्र 2026-27 से B.Sc फिजिकल साइंस, लाइफ साइंस और M.Sc भूगोल की शुरुआत। ग्रामीण छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के खुलेंगे द्वार।
कैरू। राजकीय कन्या महाविद्यालय कैरू में सत्र 2026-27 से स्नातक स्तर पर दो नए संकायों को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है जिससे ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर दीपिका ने बताया कि अब बीएससी फिजिकल साइंस में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथेमेटिक्स की 40 सीटों तथा बीएससी लाइफ साइंस में जूलॉजी, बॉटनी और केमिस्ट्री की 40 सीटों पर दाखिले होंगे।
इससे ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को विज्ञान संकाय में अध्ययन का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जिसके तहत आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई थी। कैरू महाविद्यालय में बीए में 320 सीटें और बीकॉम में 80 सीटों पर छात्राएं प्रवेश ले सकेंगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, राजनीतिक शास्त्र, इतिहास, गणित, अर्थशास्त्र और भूगोल जैसे विषय उपलब्ध होंगे। साथ ही नए सत्र 2026-27 से बीए में फिजिकल एजुकेशन विषय भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा एमएससी जियोग्राफी (भूगोल) पाठ्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है, जिससे छात्राओं को स्नातकोत्तर शिक्षा अपने क्षेत्र में ही प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्राचार्य दीपिका ने बताया कि इस पाठ्यक्रम से छात्राओं के लिए शिक्षण, अनुसंधान, पर्यावरण अध्ययन, आपदा प्रबंधन, जीआईएस और रिमोट सेंसिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
छात्राओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
महाविद्यालय में एमएससी जियोग्राफी शुरू होने से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। बीएससी फिजिकल साइंस और लाइफ साइंस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। बीए में फिजिकल एजुकेशन विषय खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्राओं के लिए लाभकारी रहेगा। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि मेरिट लिस्ट में नाम आने के बाद निर्धारित तिथि पर ही फीस जमा करनी होगी अन्यथा प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा।