GDA प्लॉट नीलामी: इंदिरापुरम में घर और दुकान खरीदने का सुनहरा मौका

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) इंदिरापुरम समेत कई योजनाओं में प्लॉट नीलाम कर रहा है। 17 जून तक आवेदन करें और बोली प्रक्रिया में शामिल हों। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

एनसीआर में अपने सपनों का आशियाना बनाने का ख्वाब देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद की इंदिरापुरम योजना समेत कई योजनाओं में रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट खरीदने का मौका है। साथ ही, ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम के प्लॉट भी इच्छुक बोलीदाता बोली लगाकर खरीद सकते हैं। यह प्लॉट 120 वर्ग मीटर से लेकर सात हजार वर्ग मीटर तक मौजूद हैं। इनके लिए 17 जून तक आवेदन करने होंगे, जबकि 20 जून को बोली लगेगी।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की इंदिरापुरम और इसकी विस्तार योजना में विभिन्न आकार के सबसे अधिक प्लॉट नीलामी में शामिल किए गए हैं। इसमें भी जीडीए ने पहली बार मिक्स लैंड यूज प्लॉट शामिल किए हैं। साथ ही, ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, सामुदायिक केंद्र के प्लॉट आदि भी बोलीदारों के लिए रखे गए हैं।

जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस योजना में प्राधिकरण की 18 मीटर चौड़ी सड़क पर पांच मिक्स लैंड यूज प्लॉट मौजूद हैं, जिन्हें बेचा जाएगा। ये प्लॉट खरीदने के लिए बोलीदारों के पास अच्छा मौका होगा। इन्हें खरीदने के बाद वह प्राधिकरण से मिक्स लैंड यूज के तहत नक्शा स्वीकृत कराकर आवासीय समेत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्लॉट का प्रयोग किया जा सकेगा।

अधिकारी बताते हैं कि इन प्लॉटों को पहली बार बेचा जा रहा है। इनकी बिक्री के बाद अन्य मिक्स लैंड यूज प्लॉट भी बेचे जाएंगे।

288 करोड़ रुपये कमाए

पिछले साल लोगों ने प्राधिकरण की संपत्ति काफी तादाद में खरीदी है। पिछले साल गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ, कौशांबी, प्रताप विहार समेत अन्य योजनाओं में प्राधिकरण के खाली पड़े प्लॉट बोलीदारों ने बोली लगाकर खरीदे थे। इन संपत्ति को बेचकर प्राधिकरण ने पिछले साल करीब 288 करोड़ रुपये की आय अर्जित भी की थी।

इंदिरापुरम में सबसे अधिक प्लॉट

इस बार जीडीए का इंदिरापुरम क्षेत्र पर सबसे अधिक फोकस है। प्राधिकरण ने इंदिरापुरम व इसकी विस्तार योजना में विभिन्न आकार के 62 प्लॉट नीलामी में शामिल किए हैं। ये प्लॉट दुकान, व्यावसायिक, आवासीय, होटल, क्योस्क आदि तरह के हैं। इसके अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनकी बिक्री होगी। इसके अलावा इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट हैं। वहीं, वैशाली, कौशांबी, कर्पूरीपूरम, आंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर और यूपी बॉर्डर में भी विभिन्न तरह के प्लॉट मौजूद हैं।

प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव, ”इस बार नीलामी प्रक्रिया में इंदिरापुरम समेत कई योजनाओं में विभिन्न आकार के प्लॉट शामिल किए गए हैं, ताकि इच्छुक लोग इन्हें खरीद सकें। इसके लिए लोग 17 जून तक आवेदन कर नीलामी में शामिल हो सकते हैं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.