Ghaziabad Dowry Death Case: दहेज के लिए विवाहिता को छत से फेंककर मारा, मुरादनगर में पति और ससुर हिरासत में
गाजियाबाद के मुरादनगर में दहेज के लिए विवाहिता को छत से फेंकने का मामला आया सामने, इलाज के दौरान मौत।
गाजियाबाद : गाजियाबाद में फिर एक महिला दहेज लोभियों की भेंट चढ़ गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे छत से फेंककर मार डाला। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस मामले में दहेज के कारण हुई मौत का केस दर्ज किया गया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस घटना में 23 साल की एक महिला की मौत हो गई थी, जिसे कथित तौर पर 7 सितंबर को मुरादनगर में उसके ससुराल वालों ने घर की छत से नीचे फेंक दिया था।पुलिस ने बताया कि उन्हें महिला के सड़क पर गिरने का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है और इसे जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। महिला के भाई ने एफआईआर में बताया कि महिला को गंभीर चोटें आईं और 10 सितंबर को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई ने कहा कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने उसे छत से फेंक दिया था।
डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने एचटी को बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुरादनगर थाने में एफआईआर दर्ज की है और महिला के पति और ससुर को हिरासत में लिया है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आरोप है कि महिला के ससुराल वालों ने उसे घर की (पहली मंजिल की) छत से नीचे फेंक दिया था क्योंकि उसका परिवार दहेज की उनकी मांग पूरी नहीं कर सका था। डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला को रात के समय अपने ससुराल के बाहर सड़क पर गिरते हुए और कुछ स्थानीय लोगों को उसके आसपास इकट्ठा होते हुए देखा जा सकता है। एक आदमी को भी घर से तेजी से बाहर निकलते हुए भी देखा गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 85 (महिला के पति या पति के रिश्तेदार द्वारा महिला के साथ क्रूरता करना), 80 (दहेज के कारण मौत), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 352 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान करना) के तहत एफआईआर दर्ज की है। साथ ही, दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। इसमें ससुराल पक्ष के चार लोगों और महिला के पति का नाम शामिल है।
पुलिस ने बताया कि महिला गौतम बुद्ध नगर के भंगेल की रहने वाली थी। उसने मार्च में उस व्यक्ति से शादी की थी। एफआईआर के अनुसार दहेज की मांग के कारण फरवरी में शादी रद्द कर दी गई थी, लेकिन बाद में इस जोड़े ने 23 मार्च को कोर्ट में शादी कर ली। महिला के भाई ने एफआईआर में आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद उसके पति ने स्कॉर्पियो और 30 लाख रुपए की मांग की। इसके लिए वह दबाव डालकर मारपीट करने लगा।
भाई ने बताया कि7 सितंबर की रात मेरी बहन ने मुझे फोन करके बताया कि ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं और तभी उसका फोन कट गया। बाद में, उसके पति ने फोन करके कहा कि वह छत से गिर गई है और हमें अस्पताल आना चाहिए। 10 सितंबर को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुझे और मेरे परिवार को लगता है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया।