Ghaziabad News: मोहननगर की राजीव कॉलोनी में यूपीसीडा का बड़ा एक्शन, 100 से अधिक मकानों पर चस्पा किए गए नोटिस

गाजियाबाद के मोहननगर स्थित राजीव कॉलोनी में यूपीसीडा ने 100 से अधिक मकानों पर चस्पा किए नोटिस। जमीन खाली करने के निर्देश।

गाजियाबाद में मोहननगर की राजीव कॉलोनी में बुधवार को यूपीसीडा ने 100 से अधिक मकानों पर नोटिस चस्पा किया है कि यह जमीन पार्क की है। जमीन खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। नोटिस को लेकर सोसाइटी के लोगों में हड़कंप मच गया।

राजीव कॉलोनी में दो हजार से अधिक मकान हैं, जो लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र साइट 2 के समीप स्थित है। बुधवार को यहां यूपीसीडा की टीम पहुंची और मकानों पर नोटिस चस्पा करने शुरू कर दिए। नोटिस में लिखा है कि यह जमीन लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र साइट 2 के सेंट्रल पार्क की है। नोटिस चस्पा होते ही लोग इकट्ठे होने लगे और विरोध किया। तब तक 100 से अधिक मकानों पर नोटिस चस्पा हो चुके थे। स्थानीय निवासी मनोज बोहरा का कहना है कि कॉलोनी 50 साल से अधिक पुरानी है। 10 हजार से अधिक की आबादी है। बिना किसी सूचना के नोटिस चस्पा करने से लोगों में डर का माहौल है।

अधिकारियों से मिलने के लिए गुरुवार को गए थे। शुक्रवार को बैठक होगी। स्थानीय पार्षद सुधीर का कहना है कि कॉलोनी को लेकर यदि विवाद है तो अधिकारियों से बात की जाएगी। इस तरह से नोटिस चस्पा करने से लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया है। यूपीसीडा के मुताबिक करहेड़ा गांव की यह जमीन करीब पांच दशक पहले अधिग्रहित हुई थी। यहां लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र साइट 2 विकसित किया गया था। करीब 18 एकड़ जमीन सेंट्रल पार्क के लिए छोड़ी गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि गांव में बने एक धार्मिक स्थल से आने वाली आवाज को लेकर आईजीआरएस पर शिकायत की गई थी। इसकी जांच के दौरान पता चला कि पार्क की जमीन पर कॉलोनी विकसित बन गई है। इसके पास की मोहन कॉलोनी भी अधिग्रहित जमीन पर ही बनाई गई है। यूपीसीडा के उप महाप्रबंधक सलिल यादव का कहना है कि जमीन खाली करने का नोटिस चस्पा किया गया था। फिलहाल नोटिस चस्पा नहीं किए जा रहे हैं। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.