Ghaziabad Traffic Jam on Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर गाजियाबाद में भीषण जाम, एनएच-9 और डीएमई पर रेंगते रहे वाहन

रक्षाबंधन के मौके पर गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर भारी वाहनों के दबाव और जलभराव के कारण लंबा जाम लग गया।

रक्षाबंधन पर गुरुवार दोपहर से ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। शाम सात बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डासना टोल प्लाजा से लाल कुआं तक करीब छह किलो मीटर लंबा जाम लग गया। रात नौ बजे तक यहां वाहन रेंगते रहे। लाल कुआं से नोएडा सेक्टर-62 कट तक भी कई जगह जाम लगा। शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर देर रात तक जाम लगा रहा।

रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए निकले ते लोग

रक्षाबंधन पर गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग घर जाने के लिए निकले थे। दोपहर से ही वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगना शुरू हो गया था। शाम छह बजे पीक आवर्स के वाहन सड़कों पर निकले तो हालात और खराब हो गए। यूपी गेट से छिजारसी कट, विजयनगर बाईपास से लालकुआं और डासना तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार एनएच-9 पर लग गई थी।

सबसे ज्यादा परेशानी डीएमई और न नौ पर हुई। डासना टोल प्लाजा के पास डीएमई और एन एच 9 के मिलने से वाहनों का दबाव रोजाना के मुकाबले कई गुना बढ़ गया। इससे एनएच नौ और डीएमई पर जाम लगना शुरू हो गया। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर डासना टोल प्लाजा से शुरू हुआ जाम लाल कुआं तक पहुंच गया। यहां रात 11 बजे तक वाहन रेंगते रहे।

जीटी रोड पर शहीद नगर के आसपास भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। शाम तक मोहन नगर चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों के साथ बसों के इंतजार में यात्रियों की भीड़ होने से चौराहे पर यातायात प्रभावित हुआ। आंबेडकर रोड पर तुराबनगर बाजार के पास भी जाम लगा रहा। हापुड़ रोड और राजनगर एक्सटेंशन में भी वाहन चालक काफी देर तक फंसे रहे।

एनएच-9 पर जलभराव से बढ़ी मुश्किल

एनएच-9 पर यूपी गेट के पास बारिश के बाद काफी देर तक पानी भरा रहा, जिसके चलते वाहनों की गति कम रही। इसका असर दिल्ली से आ रहे वाहनों पर पड़ा और लोगों को परेशानी हुई। इसके अलावा मेरठ रोड, जीटी रोड के साथ लोनी-भोपुरा रोड और मेन वजीराबाद रोड के साथ इंदिरापुरम व वसुंधरा के रास्तों पर भी जलभराव से यातायात बाधित रहा।

19 जगह तैनात रही यातायात पुलिस

रक्षाबंधन को देखते हुए यातायात पुलिस ने एनएच-9 पर मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद कर उन्हें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भेजने की व्यवस्था की थी। वहीं 19 स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी गई है। बावजूद इसके शहर भर में जाम लगा। पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि यात्रियों की भीड़ के कारण एनएच-9 और डीएमई पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई। यातायात पुलिस ने भीड़ को सड़क से हटाकर किनारे किया और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.