Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में बारिश, 6 जिलों में भारी आंधी का अलर्ट; जानें कब से चलेगी लू

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज! जींद, हिसार और करनाल समेत कई शहरों में बारिश। मौसम विभाग ने 6 जिलों में 70kmph की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया है। 15 मई से बढ़ेगी गर्मी।

चंडीगढ़: हरियाणा में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली. सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए रहे और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिला. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में दिनभर मौसम खराब रहने की संभावना बनी हुई है.

6 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट: IMD की मानें तो चंडीगढ़ ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, यमुनानगर और पंचकूला जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.

15 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी: मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई के बाद प्रदेश में मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा. इसके बाद अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. तापमान बढ़ने के साथ हरियाणा में एक बार फिर लू चलने की संभावना बन रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है.

6 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार: मंगलवार को सिरसा हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार में 42.4, महेंद्रगढ़ में 42.2, चरखी दादरी में 41.7, रोहतक में 41.1 और भिवानी में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. हालांकि प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ने के संकेत हैं.

रात का तापमान भी बढ़ने लगा: दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं. पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है. गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि अंबाला में 26.5 और सिरसा में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. चंडीगढ़ और करनाल में रात का तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.

किसानों को मौसम विभाग की सलाह: बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना के कारण कपास की बुवाई फिलहाल टालने को कहा गया है. जिन किसानों की गेहूं और जौ की फसल तैयार हो चुकी है, उन्हें जल्द कटाई और थ्रेसिंग करने की सलाह दी गई है. इसके अलावा भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने और सब्जियों की सिंचाई रोकने का सुझाव भी दिया गया है. पशुपालकों को पशुओं को शेड में रखने और मच्छरों से बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.