IPL 2026: रियान पराग ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को क्यों डांटा? जानें सच्चाई
IPL 2026 Qualifier 2: वैभव सूर्यवंशी के आउट होने पर रियान पराग का वीडियो वायरल। हार के बाद कप्तान पराग हुए इमोशनल, वैभव की 96 रनों की पारी और ऑरेंज कैप पर दी बड़ी प्रतिक्रिया।
IPL 2026 के क्वालिफायर 2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया. इस मैच के दौरान रियान पराग और वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो वायरल हुआ. सोशल मीडिया पर छाया वो वीडियो वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के ठीक बाद का है. वीडियो में रियान पराग को देखकर लगता है जैसे वो वैभव को डांट रहे हैं. उस दौरान रियान ने वैभव से क्या कहा, उसका तो पता नहीं चल पाया. मगर जब मैच खत्म हुआ तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अपने 15 साल के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के लिए इमोशनल नजर आए. उनके इमोशन का पता उनकी बातों में चला जो उन्होंने वैभव के बारे में मैच के बाद कही.
रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?
रियान पराग ने पोस्ट मैच प्रजेन्टेशन में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर तारीफों के जबरदस्त पुल बांधे. उन्होंने कहा कि वैभव ने जो इस सीजन किया है, उसे शब्दों में नहीं बताया जा सकता. एक तरीका होता है कि आप जाएं और अंधाधुंध बल्ला घुमाकर ढेर सारे रन बनाएं. लेकिन जिस तरह से वैभव ने बैटिंग की है, उन्होंने बिना देखे या बिना सोचे समझे बल्ला नहीं घुमाया है. बल्कि उन्होंने हालात के मुताबिक खेला है. टीम की जरूरत को ध्यान में रखा है. उसने वो सब किया, जिससे टीम जीत सके. मुझे नहीं पता कैसे पर उसने कर दिखाया है और उम्मीद करता हूं कि आगे भी वो ऐसे ही खेलते दिखेंगे.
रियान पराग ने उम्मीद जताई कि वैभव सूर्यवंशी आगे देश के लिए भी खेलें और राजस्थान रॉयल्स को उसके दूसरे खिताब को जिताने में भी मदद करें.
रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी को कब डांटा?
वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर 2 में 204.25 की स्ट्राइक रेट से 47 गेंदों में 96 रन बनाए थे. हालांकि, जब वो आउट होकर डगआउट लौटे तो जो नजारा दिखा, उसने सबको चौंका दिया. जो रियान पराग मैच के बाद वैभव की तारीफ कर रहे थे, वो तब उनके पास जाकर उन्हें फटकार लगाते दिख रहे हैं, जिसका पता वायरल वीडियो में पराग और सूर्यवंशी के एक्सप्रेशन से साफ चलता है.
ऑरेंज कैप की रेस में भी आगे वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी के 96 रनों की बदौलत ही राजस्थान 214 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी. हालांकि, गुजरात टाइटंस ने 215 रन का लक्ष्य 19वें ओवर में ही चेज कर लिया था. क्वालिफायर 2 में 96 रन की पारी खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा बरकरार रखा है. उनके अब 16 मैचों में 776 रन हो गए हैं.