Kaithal Encounter: चीका फायरिंग का मुख्य आरोपी रजत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
कैथल के चीका में मोबाइल दुकानदार पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी रजत पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार। पैर में गोली लगने के बाद ढांड क्षेत्र से काबू। अमेरिका में बैठे गैंगस्टर साहिल भागल से जुड़े तार।
कैथल : चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े गोली चलाने के मामले में कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी को बुधवार सुबह ढांड क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी रजत पुत्र जरनैल के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं, इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान भी हो चुकी है, जो फिलहाल फरार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार चीका में फायरिंग की घटना के बाद आरोपी रजत फरार हो गया था। कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ढांड क्षेत्र में मौजूद है और दोबारा उसी दुकानदार को निशाना बनाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने नेशनल हाईवे 152डी पुल के नजदीक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस पर करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह फायरिंग गैंग सरगना साहिल भागल के कहने पर की थी, जो वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है। साहिल भागल पर कुरुक्षेत्र में पहले भी कई स्थानों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने के आरोप हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में वांछित अपराधी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी रजत ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले भी उसी दुकानदार पर गोली चलाई थी और अब दोबारा वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, क्योंकि दुकानदार ने फिरौती की रकम नहीं दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जल्द ही प्रेस वार्ता कर मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।