Kalka-Shimla Toy Train: गर्मियों की छुट्टियों में टॉय ट्रेन की बढ़ी डिमांड, जानें पूरा शेड्यूल
शिमला जाने वाले पर्यटकों के लिए कालका-शिमला टॉय ट्रेन बनी पहली पसंद। रेलवे ने शुरू की समर स्पेशल ट्रेन। जानें शिवालिक डीलक्स, वंदे भारत और जन शताब्दी का ताजा समय।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश जाने वाले पर्यटकों की संख्या गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही तेजी से बढ़ गई है. शिमला, कुफरी, कसौली, चैल और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं.
टॉय ट्रेन बनी पर्यटकों की पहली पसंद: इस बार सबसे ज्यादा आकर्षण कालका-शिमला टॉय ट्रेन को लेकर देखा जा रहा है. चंडीगढ़ से शिमला के लिए सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने के कारण अधिकतर यात्री पहले कालका पहुंच रहे हैं और वहां से टॉय ट्रेन का सफर कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शिवालिक डीलक्स सुबह 5:45 बजे कालका से रवाना होकर करीब 11 बजे शिमला पहुंचती है, जबकि हिमालयन क्वीन दोपहर 12:10 बजे चलकर शाम तक शिमला पहुंचती है.
स्पेशल ट्रेन में भी बढ़ी यात्रियों की संख्या: गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने “कालका-शिमला फेयर स्पेशल” टॉय ट्रेन भी शुरू की है. ट्रेन नंबर 04503 दोपहर 12:30 बजे कालका से रवाना होकर शाम करीब 6:20 बजे शिमला पहुंचती है. वापसी में ट्रेन नंबर 04504 रात 8:20 बजे शिमला से चलती है. रेलवे अधिकारियों ने बताया, “अप्रैल के आखिर से जुलाई के मध्य तक चलने वाली इस स्पेशल ट्रेन में फैमिली और टूरिस्ट सबसे ज्यादा सफर कर रहे हैं.”
वंदे भारत और जन शताब्दी में भी बढ़ी डिमांड: सिर्फ शिमला ही नहीं, बल्कि ऊना, अंब-अंदौरा और हिमाचल के अन्य इलाकों में जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है. चंडीगढ़ से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8:45 बजे रवाना होकर करीब 11 बजे ऊना और अंब-अंदौरा पहुंच रही है. वहीं जन शताब्दी ट्रेन शाम 6:50 बजे चंडीगढ़ से निकलकर रात तक यात्रियों को हिमाचल पहुंचा रही है.
होटल और ट्रेनों में बढ़ी वीकेंड भीड़: ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि, “इस बार अधिक गर्मी पड़ने के कारण लोग बड़ी संख्या में पहाड़ी इलाकों की यात्रा कर रहे हैं. वीकेंड पर होटल और ट्रेनों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है. कई परिवारों ने बच्चों की छुट्टियों को देखते हुए पहले ही टिकट बुक करवा लिए थे. कई पर्यटक सिर्फ टॉय ट्रेन के सफर का अनुभव लेने के लिए भी शिमला जा रहे हैं.”
रेलवे ने यात्रियों को दी सलाह: रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले IRCTC और NTES पर ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें. अधिकारियों के अनुसार समर सीजन में शिमला और हिमाचल जाने वाली ट्रेनों में तेजी से वेटिंग बढ़ रही है, इसलिए यात्रियों को पहले से टिकट बुक करवाना चाहिए.