Noida Airport Expansion: दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट, 15 जून से शुरू होंगी उड़ानें
Noida Airport News: जेवर एयरपोर्ट से दिल्ली की दूरी होगी मात्र 21 मिनट। 15 जून से शुरू होंगी उड़ानें। परी चौक से चलेंगी हाइड्रोजन बसें। पढ़ें यीडा (YEIDA) का पूरा प्लान।
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन और रुंधी-चोला रेलमार्ग से जोड़ने की योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।
औद्योगिक विकास मंत्री ने गुरुवार को लखनऊ पिकप भवन सभागार में यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट से गाजियाबाद तक नमो भारत परियोजना की डीपीआर तैयार है, जिसे यूपी सरकार ने अनुमति देकर केंद्र सरकार के पास भेजा है। वहां से अनुमति मिलने के बाद इसे धरातल पर उतारने का काम शुरू होगा।
चोला से रुंधी तक बिछने वाले रेलमार्ग की नोएडा एयरपोर्ट और यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टरों से सीधी कनेक्टिविटी के लिए भी डीपीआर तैयार की जा रही है। दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन का एयरपोर्ट परिसर में एक स्टेशन का प्रावधान डीपीआर में शामिल करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी हो रही है। भविष्य में दिल्ली से एयरपोर्ट की दूरी को मात्र 21 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे
यमुना एक्सप्रेसवे की आगरा लखनऊ के साथ बुंदेलखंड, पूर्वाचल, दिल्ली-मुंबई और गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी होने के बाद यीडा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
परी चौक से एयरपोर्ट तक बसें चलेंगी
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही 15 जून से कॉमर्शियल फ्लाइट की शुरुआत की तैयारी है। इसके साथ ही यीडा पांच हाइड्रोजन बसों को चलाने की तैयारी कर चुका है। जो परी चौक से जेवर एयरपोर्ट तक फ्लाइट के शिड्यूल के अनुसार चलेंगी। साथ ही दिल्ली, हरियाणा के साथ ही अन्य क्षेत्रों से परिवहन सेवा के लिए बसें चलाई जाएंगी।
‘लैंडबैंक बनाया जाए’
मंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए लैंडबैंक बनाने के आदेश दिए। अधिकारियों ने उन्हें मथुरा, अलीगढ़, हाथरस व आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान को लेकर भी जानकारी दी। बताया गया कि हाथरस का विकास पहले चार हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में होगा, जो यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक है। इसके अलावा यमुना सिटी में विकसित होने वाली विभिन्न परियोजनाओं के लिए भी लैंडबैंक तैयार किया जा रहा है।
यमुना सिटी में बंद रास्ता खोला गया
वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर वर्षों से बंद 60 मीटर चौड़े और 400 मीटर लंबे रास्ते को खेल दिया गया है। लंबे समय से लोग इसके बगल में कच्चे रास्ते पर धूल मिट्टी से होकर गुजरने को मजबूर थे। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 60 मीटर चौड़ी सड़क गुजर रही है। यह तीन टुकड़ों में अधूरी थी, जिसमें से रबुपूरा में नारायणा पब्लिक स्कूल के सामने स्थित 400 मीटर पेच को अब बना दिया गया है। गुरुवार को इसे खोल दिया गया, अब इसपर फर्राटा भरने लगे।