Greater Noida: गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी 105 मीटर चौड़ी सड़क, अंसल हाईटेक सिटी की बाधा खत्म
ग्रेनो की 105 मीटर चौड़ी सड़क का गंगा एक्सप्रेसवे तक होगा विस्तार। NHAI और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में बनी सहमति। नोएडा-ग्रेनो से सफर होगा सिर्फ 30 मिनट का।
ग्रेटर नोएडा की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल (केजीपी) और गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना में अब तेजी आएगी। इसका निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बीच निर्माण को लेकर सहमति बन चुकी है।
जमीन प्राधिकरण देगा और निर्माण कार्य एनएचएआई करेगा। दरअसल 105 मीटर सड़क पहले हापुड़ तक प्रस्तावित थी, लेकिन इसका विस्तार करते हुए इसे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम किया जाएगा। प्राधिकरण बोर्ड से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। दो चरणों में काम पूरा किया जाएगा। पहले चरण में ग्रेटर नोएडा के जुनपत गांव के पास से दादरी क्षेत्र के बील अकबरपुर तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। सेक्टर अल्फा-1 सूरजपुर-कासना मार्ग से शुरू होने वाली यह सड़क अभी जुनपत तक बनी है। इसका विस्तार करते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए 118 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। उक्त जमीन को खरीदने करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बाकी जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी है। हापुड़ बाईपास तक इस सड़क की लंबाई 37 किलोमीटर है। हापुड़ बाईपास से गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी 15 किलोमीटर है। प्राधिकरण ने इस सड़क को बनाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, इस सड़क को दो चरणों में बनाया जाएगा। पहले चरण में जुनपत से बील गांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक बनाया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-91 से भी जुड़ जाएगी। इस सड़क का काम जल्द शुरू करने की तैयारी है।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे इस सड़क को न्यू नोएडा और ग्रेनो फेज-2 क्षेत्र से होते हुए हापुड़ बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से जोड़ा जाएगा। बता दें कि 105 मीटर चौड़ी सड़क यहीं पर समाप्त हो रही है। यहां से गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। इस सड़क को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 15 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोग गंगा एक्सप्रेसवे तक 30 से 45 मिनट में पहुंच जाएंगे।
अंसल की हाईटेक सिटी बड़ी बाधा थी
पहले हापुड़ तक प्रस्तावित 105 मीटर सड़क के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा अंसल ग्रुप की हाईटेक सिटी थी। इसके लिए पहले 2500 एकड़ जमीन की मंजूरी मिली थी। इसके बाद इसे 1600 एकड़ कर दिया गया, लेकिन बिल्डर यह जमीन अब तक पूरी खरीद नहीं पाया था। जब यह परियोजना पास हुई थी, तब सड़क के लिए बिल्डर की ओर से निशुल्क जमीन देने की शर्त शामिल की गई थी। वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अब हाईटेक सिटी परियोजना निरस्त हो गई है। सड़क के विस्तार के लिए जमीन मिल जाएगी।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”आवागमन को सुगम बनाने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार होगा। इसे गंगा एक्सप्रेसवे तक दो चरणों में पूरा किया जाएगा जाएगा। पहले चरण में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा।”