Yamuna City: बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में फिर लौटेगा रफ्तार का रोमांच, सितंबर में होगी इंटरनेशनल रेस
Buddha International Circuit: ग्रेटर नोएडा के BIC में 3 साल बाद फिर गूंजेगी सुपरबाइक्स की गड़गड़ाहट। 4 से 16 सितंबर तक होगी एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप।
ग्रेटर नोएडा के पास यमुना सिटी के सेक्टर-25 स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में 3 साल बाद एक बार फिर रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। मोटर स्पोर्ट्स कंसल्टेंसी एवीडब्ल्यू ग्लोबल ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समझौता कर 4 से 16 सितंबर के बीच एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप कराने के लिए सहमति जताई है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2023 के बाद बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में दोबारा अंतरराष्ट्रीय स्तर की बाइक रेसिंग आयोजित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इसी संबंध में राज्य परिवर्तन आयोग से प्रशासनिक, कानूनी और आर्थिक पहलुओं पर विधिक राय मांगी गई है। आयोग की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।
युवा राइडर्स के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका
उन्होंने बताया कि एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप (एआरआरसी) एशिया की प्रमुख बाइक रेसिंग प्रतियोगिता है। इसमें एशिया के कई देशों के पेशेवर राइडर और टीमें हिस्सा लेती हैं। इसकी शुरुआत 1996 में हुई थी। प्रतियोगिता अलग-अलग देशों के रेसिंग सर्किट पर कई चरणों में कराई जाती है। इसमें सुपरस्पोर्ट, एशिया प्रोडक्शन 250 और अंडरबोन जैसी विभिन्न श्रेणियों की रेस होती हैं। एआरआरसी को एशिया में मोटर स्पोर्ट्स के बड़े मंच के रूप में देखा जाता है, जहां युवा राइडर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। अफसरों का मानना है कि शहर में यदि यह प्रतियोगिता आयोजित होती है तो इससे यमुना सिटी के साथ उत्तर प्रदेश में भी पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। जापान की प्रतिष्ठित सुपर फॉर्मूला रेस को लेकर जापान रेस प्रमोशन कॉरपरेरेशन (जीआरसी) भी अपनी दिलचस्पी दिखा चुकी है।
यमुना सिटी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी
यमुना सिटी के बीआईसी में पूर्व में दो फार्मूला वन रेस का आयोजन हो चुका है। वर्ष 2023 में मोटो जीपी जैसे वैश्विक रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ है। अब एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप होने से एक और भारतीय मोटर स्पोर्ट्स को बड़ा अवसर मिलेगा। साथ ही, यमुना सिटी को भी वैश्विक पहचान मिलेगी। यह न केवल भारत की वैश्विक मोटरस्पोर्ट पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि देस में प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव दिलाएगा और खेल पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को भी बढ़ावा देगा।
आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ”बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप कराने की तैयारी है। इसके लिए सितंबर में समय निर्धारित किया गया है। इस रेस से क्षेत्र में खेल पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को बढ़ावा मिलेगा।”