Noida News: पिंक ऑटो की संख्या में नोएडा नंबर-1, महिला सुरक्षा के लिए 714 ऑटो सड़कों पर
गौतमबुद्ध नगर में गुलाबी ऑटो का दबदबा! 720 स्वीकृत परमिट में से 714 ऑटो सड़कों पर दौड़ रहे। गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर की तुलना में नोएडा सबसे आगे। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
नोएडा । गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जिलों में सबसे अधिक गुलाबी (पिंक) ऑटो नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दौड़ रहे। इसमें दूसरे स्थान पर गाजियाबाद जिला है जबकि हापुड़ और बुलंदशहर में एक भी गुलाबी ऑटो नहीं चल रहा। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ में गुलाबी ऑटो के लिए कुल स्वीकृत परमिट की संख्या 1065 है जबकि इसके मुकाबले 764 गुलाबी ऑटो सड़कों पर दौड़ रहे। इसमें गौतमबुद्ध नगर में गुलाबी ऑटो के कुल स्वीकृत परमिट की संख्या 720 है जबकि 714 परमिट जारी हुए हैं। वहीं, गाजियाबाद में 125 गुलाबी ऑटो के परमिट स्वीकृत किए गए थे और 50 ऑटो दौड़ रहे हैं। बुलंदशहर में 25 परमिट के मुकाबले एक भी परमिट जारी नहीं हुआ है। यहीं स्थिति हापुड़ में भी है। हापुड़ में 220 परमिट स्वीकृत हुए थे और जारी एक भी ऑटो के लिए परमिट नहीं हुआ।
गुलाबी ऑटो की संख्या में वृद्धि
एआरटीओ प्रशासन नंदकुमार ने कहा कि जिले में पिंक ऑटो की संख्या बढ़ी है। इनका संचालन गौतमबुद्ध नगर में होता है लेकिन परमिट गाजियाबाद से जारी होता है। बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में पिंक ऑटो के परमिट जारी करने की व्यवस्था विवादों में घिरी थी। नोएडा ऑटो चालक रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। सभी परमिट डीलरों को देने का आरोप लगाया था। एआरटीओ नोएडा और आरटीओ गाजियाबाद को पत्र लिखकर शिकायत की थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल बाबू ने कहा कि मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई थी। आरोप है कि परमिट महिलाओं के नाम पर जारी किए गए थे लेकिन उन्हें पुरुष चालक चला रहे हैं।
महिला यात्रियों की सुरक्षा
महिला यात्रियों को रात में सफर करने में सुरक्षित महसूस होता है, क्योंकि वे एक महिला चालक के साथ यात्रा कर रही होती हैं।
विशेष स्टैंड और सुविधाएं
गुलाबी रंग होने के कारण इन्हें भीड़ में भी आसानी से पहचाना जा सकता है। इन ऑटो में अक्सर जीपीएस और मीटर आधारित प्रणाली जुड़ी होती है, जिससे ज्यादा किराये की वसूली की संभावना नहीं रहती।
इन ऑटो के लिए विशेष स्टैंड बनाए गए
विभाग ने 380 नए गुलाबी ऑटो के परमिट जारी करने की योजना पर काम शुरू किया था, जिसके बाद जिले में इनकी संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए नोएडा सिटी सेंटर, सेक्टर-15-16 मेट्रो स्टेशन, बॉटेनिकल गार्डन, एमिटी विश्वविद्यालय, ग्रेनो में परी चौक और नॉलेज पार्क में इन ऑटो के लिए विशेष स्टैंड बनाए गए हैं।
कहां कितनी संख्या
जिला स्वीकृत परमिट जारी परमिट
गौतमबुद्ध नगर 720 714
गाजियाबाद 125 50
हापुड़ 220 0
बुलंदशहर 25 0