Nuh Encounter: नूंह में एंबुलेंस से गौ-तस्करी; पुलिस मुठभेड़ में एक तस्कर ढेर, 2 फरार

नूंह-उटावड़ रोड पर पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़। एंबुलेंस में भरकर ले जा रहे थे गोवंश। जवाबी फायरिंग में तस्कर हमास खान घायल, हथियार और गाड़ी बरामद।

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार सुबह पुलिस और गौ-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे. ये कार्रवाई नूंह सीआईए प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई. जानकारी के अनुसार नूंह-उटावड़ रोड पर गांव जयसिंहपुर के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एंबुलेंस जैसा दिखने वाला एक वाहन गोवंश लेकर जा रहा है.

नूंह पुलिस और गौ तस्करों में मुठभेड़: बताया जा रहा है कि जिस ईको कार में गोवंश भरे हुए थे, उस पर एंबुलेंस लिखा हुआ था और गौवंश को क्रूरता पूर्वक वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वो घायल हो गया.

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार: घायल आरोपी की पहचान हमास खान पुत्र खुर्शीद निवासी उटावड़ के रूप में हुई है. उसे उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. मौके से पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन खाली खोल, दस कारतूस, चार गोवंश तथा एक ईको कार बरामद की है. वहीं मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. मामले में नूंह सदर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.