Chandigarh Encounter: चंडीगढ़ में पुलिस और बंबीहा गैंग के बीच मुठभेड़; 3 शूटर गिरफ्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास पुलिस एनकाउंटर। ऑपरेशन सेल ने बंबीहा गैंग के 3 शार्पशूटरों को दबोचा। मुठभेड़ में पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली।
चंडीगढ़: सोमवार देर रात पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई. सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि तीनों के तार बंबीहा गैंग से जुड़े हैं. तीनों शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे.
चंडीगढ़ में मुठभेड़: चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन सेल को इनपुट मिला था कि कुछ हथियारबंद युवक चंडीगढ़ में दाखिल हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और देर रात संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तीन युवकों को रोकने की कोशिश की. पुलिस ने सेक्टर 43 से जैसे ही उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद दोनों तरफ से कुछ मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
बंबीहा गैंग के तीन साथी गिरफ्तार: मुठभेड़ के दौरान एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. गनीमत रही कि सुरक्षा जैकेट की वजह से पुलिसकर्मी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया. मौके से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है.
भारी पुलिस बल तैनात: इस मुठभेड़ के दौरान DSP ऑपरेशन स्माइल विकास शयोकंद DSP साउथ धीरज कुमार, सेक्टर 36 थाना प्रभारी जयप्रकाश और 43 चौकी प्रभारी ASI आशादेवी मौक़े पर मौजूद रहे. घटना के तुरंत बाद फॉरेंसिक और सीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची.
आरोपियों से पूछताछ जारी: ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर सतविंदर दुलन ने बताया कि “हमें सूचना मिली थी कि बंबीहा गैंग के तीन शूटर चंडीगढ़ में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे हैं. आरोपियों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनका अगला निशाना कौन था? वो चंडीगढ़ में किस वारदात को अंजाम देने आए थे? जांच एजेंसियां ये भी खंगाल हैं कि आरोपियों के तार कहां तक जुड़े हैं. आरोपियों के नाम पहले भी संगठित अपराध और हत्या के मामलों में सामने आ चुके हैं या नहीं?”