Nuh Road Accident: नूंह में KMP एक्सप्रेसवे पर पुलिस गाड़ी को डंपर ने कुचला, 1 सिपाही की मौत, 2 घायल
Nuh KMP Accident: नूंह में केएमपी एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की मदद करने पहुंची डायल-112 की गाड़ी को डंपर ने मारी टक्कर, एक सिपाही की मौत।
नूंह : हरियाणा के नूंह जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां केएमपी एक्सप्रेसवे पर खेड़ा खलीलपुर के पास देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, खेड़ा खलीलपुर के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक छोटा हाथी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने अनियंत्रित होकर पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही जान चली गई जबकि दो अन्य हेड कांस्टेबल घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस खौफनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।