Panipat: लेडी प्रोफेसर ने पिता-भाइयों पर लगाया ठगी और सुपारी देने का आरोप, मर्जी से लिव-इन में रहने का दावा

पानीपत में लेडी प्रोफेसर का परिवार पर सनसनीखेज आरोप। पिता और भाइयों पर 14 लाख की ठगी और जान से मारने की सुपारी देने का दावा। लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बढ़ा विवाद।

पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी कॉलेज की लेडी प्रोफेसर ने अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। प्रोफेसर ने अपने पिता और भाइयों पर 14 लाख रुपये की ठगी, किडनैपिंग की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में आ गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता का कहना है कि वह वर्तमान में फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही हैं और अपनी मर्जी से उसके साथ रह रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी ने किडनैप नहीं किया है।

महिला प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि उनके पिता और भाइयों ने मिलकर उनके साथ 14 लाख रुपये की ठगी की है। उनका कहना है कि एफडी कराने के नाम पर उनके बैंक खाते से आरटीजीएस के जरिए करीब 14.30 लाख रुपये एक पेट्रोल पंप मालिक के खाते में ट्रांसफर करवा दिए गए। प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि उनके भाई ने कॉलेज से उनका अपहरण करने की कोशिश की थी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि परिवार ने पानीपत के कुछ बदमाशों को उन्हें जान से मारने की सुपारी भी दी है।

पिता का आरोप- तांत्रिक विद्या और वशीकरण के जरिए बहलाकर ले गया

महिला ने पानीपत पुलिस को पिता और भाइयों के खिलाफ शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके पार्टनर को लगातार जान से धमकियां मिल रही हैं और भविष्य में किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी परिवार की होगी। इससे पहले महिला के घर से जाने के बाद उनके पिता ने पुलिस में बेटी की गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पिता का आरोप था कि बेटी को तांत्रिक विद्या और वशीकरण के जरिए बहलाकर अपने साथ ले जाया गया है।

हालांकि जांच के दौरान महिला स्वयं थाने पहुंच गई और उन्होंने बयान दिया कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से अपने पार्टनर के साथ रह रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामला पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.