PDA समाज के उत्पीड़न और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा प्रमुख का सरकार पर निशाना, AI वीडियो का भी किया जिक्र

लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर फर्जी एनकाउंटर, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर साधा निशाना।

उत्तर प्रदेश में भले ही अभी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान न हुआ हो, लेकिन सूबे में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई. समाजवादी पार्टी और बीजेपी एक दूसरे पर लगातार हमला कर रही हैं. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर से योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था. एनकाउंटर्स और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार पर जमकर हमला बोला. दूसरी ओर बीजेपी ने भी अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए सपा चीफ को जवाब दिया है.

सोमवार (31 अगस्त) को अखिलेश यादव ने पार्टी के जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद राजधानी लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और वोटर लिस्ट को लेकर बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

‘PDA समाज की तकलीफ नहीं दिखाई देती’

सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को PDA समाज की तकलीफ नहीं दिखाई देती. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में PDA के लोगों को फील्ड पोस्टिंग नहीं मिल रही है और उन्हें इमरजेंसी में छुट्टी तक के लिए भटकना पड़ता है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी.

जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर किए जाने का आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश में जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर किए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ‘हवाई चप्पल में भी एनकाउंटर’ हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि STF में भी PDA समाज के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है. उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने बाहुबलियों के आपराधिक रिकॉर्ड मांगे तो लिस्ट आपने भी देखा होगा उसमें ज्यादातर उनके सजातीय ही थे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की STF का मतलब स्वजातीय टॉर्चर फोर्स है. उन्होंने आरोप लगाया कि PDA समाज का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है.

‘कस्टोडियल डेथ के मामले में UP नंबर -1’

इसके साथ ही बदायूं में राजेश कोरी नाम के दलित युवक की पुलिस कस्टडी में मौत होने को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पुलिस इसे कार्डियक अरेस्ट बता रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ के मामले में नंबर -1 होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि CCTV सबने देखा है. बदायूं STF में 22 थानों में 10 SHO मुख्यमंत्री के स्वजातीय हैं. उन्होंने कहा कि सीएम के सजातीय अधिकारियों के निशाने पर PDA समाज के लोग हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में जाति देख कर एनकाउंटर हुए हैं. आने वाले समय में उनकी सरकारी बनेगी तो इन सबकी जांच की जाएगी.

AI वीडियो को लेकर भी साधा निशाना

इस दौरान सपा मुखिया ने सोशल मीडिया पर उनके और उनकी पत्नी डिंपल यादव को लेकर बनाए जा रहे AI वीडियो का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आजकल AI से बहुत वीडियो बनाए जा रहे हैं. हमारे ऊपर इन्होंने एक वीडियो बनाया. उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह के बच्चों के खेल न खेले.उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यकर्ता को कहा, आप मत बनाना ऐसा, लेकिन देखा कि उनके लोग लगातार बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज हम भी एक AI वीडियो बना कर जारी कर रहे हैं.उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में इतनी करप्ट सरकार कभी नहीं आई, चाहे ो इतिहास पलट कर देख लीजिए.

‘कुछ लोगों को गोरखपुर वेनिस नज़र आता है’

अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षक दिवस के दिन हम उन सभी स्कूलों पर टीचर्स डे मनाएंगे जिन 26000 स्कूलों को इस सरकार ने बंद कर दिया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज में बाढ़ से लोग परेशान हैं. प्रयागराज में तो हजारों करोड़ खर्च किए फिर भी बुरा हाल है. वहीं सांसद रवि किशन के बयान पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को गोरखपुर वेनिस नज़र आता है.

SIR को लेकर भी सरकार को घेरा

वहीं अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट को लेकर कहा कि SIR के बाद अब SAR की साजिश की बात सुनने को मिल रही है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले एक बार फिर मतदाता सूची का रिवीजन कराया जा सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जरिए कुछ लोगों के वोटों को एडजस्ट करने की कोशिश की जा सकती है. उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अपने लोगों के वोट बढ़ाने की भी चर्चा सुनने में आ रही है.उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस मामले में सतर्क रहने को कहा. उन्होंने कहा कि अभी अभी SIR हुआ और उसके बाद भी फॉर्म-7 भरवा रहे थे. फिर SIR का मतलब क्या है.

‘पार्टी का लक्ष्य पीडीए की सरकार बनाना’

सपा प्रमुख ने कहा कि आज हुई सभी जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों की बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाने का फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पीडीए की सरकार बनाना है. उन्होंने कहा कि सपा का बूथ स्तर पर अभियान कल से शुरू होगा. उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को निर्देश दिया है कि अगले दो सप्ताह में प्रदेश में हो रहे अत्याचारों को लेकर प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से जनता के सामने पूरी तस्वीर रखें.

अखिलेश के बयान पर बीजेपी ने किया पलटवार

अखिलेश यादव के बयान बीजेपी ने पलटवार किया है. यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि अखिलेश यादव हों या विपक्ष इन्हें किसी संस्था पर विश्वास नहीं है. एसटीएफ हमने नहीं बनाई. ये पहले से बनी फोर्स है.

वहीं, योगी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा है कि सपा के अखिलेश यादव की सरकार में लखनऊ में एसएसपी के बंगले के सामने सीओ को घसीट कर ले जाते थे, पुलिस कुछ नहीं बोलती थी. DGP ऑफिस में अपराधी जेल से आकर मिलते थे, पुलिस कुछ नही बोलती थी. ये वही पुलिस है,वही प्रदेश है,कानून का राज़ है.

वहीं, एनकाउंटर और STF पर अखिलेश यादव के बयान पर सांसद व पूर्व डीजीपी बृजलाल ने भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं STF का हिस्सा रहा हूं, STF आतंकियों के खिलाफ काम करती थी. अखिलेश जब सरकार में आए तो आतंकियों के मुकदमे वापस ले लिए थे.

हमारी STF ने न सिर्फ यूपी बल्कि मुंबई में मुख्तार के कुख्यात गुर्गों का एनकाउंटर किया था. कुख्यात डकैट निर्भय गुर्जर को भी इसी STF ने मार गिराया था, ये डकैत सपा के नेताओं को मुकुट पहनाता था. बड़े माफिया का सफाया करने वाली STF पर यूपी के हर एक व्यक्ति को गर्व है.आगे कहा, अखिलेश जब सीएम थे तब 70 प्रतिशत एक विशेष जाति के थानेदार नियुक्त होते थे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.