Samastipur Murder: घर के बाहर सो रहे शख्स की चाकू मारकर हत्या, गांव में दहशत

बिहार के समस्तीपुर में आइसक्रीम फैक्ट्री विवाद को लेकर हत्या। चकमेहसी में घर के बाहर सो रहे रामानंद महतो को आरोपी ने चाकुओं से गोदा। आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां चकमेहसी थाना क्षेत्र के डुमरामा बलहा गांव में घर के दरवाजे के बाहर सो रहे 45 वर्षीय एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

मृतक की पहचान सनफूल महतो के पुत्र रामानंद महतो के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वारदात से पहले आरोपी और मृतक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई हुई और फिर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रामानंद महतो अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन आरोपी ने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया.

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर जुट गए. खून से लथपथ हालत में रामानंद को तुरंत इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जैसे ही घटना की खबर गांव में फैली, वहां कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई. सदर अस्पताल प्रशासन की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं, स्थानीय थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है.

मृतक के पुत्र अंकित कुमार ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे. रात करीब डेढ़ बजे उनके पिता के चीखने की आवाज सुनकर सभी लोग बाहर आए और देखा कि वह गंभीर रूप से घायल पड़े हैं. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई

अंकित कुमार के अनुसार, उनके पिता का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था. हालांकि, उन्होंने बताया कि उनके पिता जम्मू-कश्मीर में एक आइसक्रीम फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते थे, जहां उसी गांव के भरत राय नामक व्यक्ति के साथ उनका विवाद हुआ था. भरत राय चाहता था कि रामानंद वहां काम न करें, जबकि रामानंद काम जारी रखना चाहते थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी.

इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है. परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेजा जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.