अंबाला: रूस में बैठे गैंगस्टर की पत्नी ममता रानी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

अंबाला एसटीएफ ने गैंगस्टर सचिन की पत्नी ममता रानी को दिल्ली एयरपोर्ट से काबू किया। रूस से ऑपरेट हो रहे गैंग को देती थी वित्तीय और लॉजिस्टिक मदद।

अंबाला: रूस में बैठकर गैंग चला रहे गैंगस्टर सचिन की पत्नी ममता रानी को अंबाला एसटीएफ ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से काबू कर लिया है। यह गैंग यमुनानगर के एक कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या करने की फिराक में था। पकड़े गए शूटरों से पूछताछ में करनाल के गांव धनौरा निवासी ममता रानी का नाम सामने आया था। करीब तीन महीने पहले ममता रानी पुलिस को चकमा देकर रूस भाग गई थी।

बुधवार को एसटीएफ की टीम ममता रानी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।  डीएसपी अमन ने बताया कि एसटीएफ अंबाला ने 15 मार्च को यमुनानगर के थाना छप्पर में संगठित अपराध धारा 111 और आर्म्स अमेंडमेंट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इस कार्रवाई के दौरान गैंग के तीन शूटरों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोचा था।व्यवसायी की हत्या की साजिश की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच टीम सीधे गैंगस्टर सचिन की पत्नी ममता रानी तक पहुंची। ममता रानी ही गैंग को वित्तीय मदद और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवा रही थी।

एसटीएफ के अनुसार ममता रानी का पति गैंगस्टर सचिन लंबे समय से रूस में छिपा हुआ है और वही से भारत में अपने शूटरों और गुर्गों को ऑपरेट करता है। ममता रानी गैंग की आपराधिक गतिविधियों को चलाने के लिए सहयोग कर रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कानूनी शिकंजे से बचने के लिए ममता रानी भी विदेश भाग गई थी, जिसे एसटीएफ ने पुख्ता सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर काबू किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.