अरविंद केजरीवाल बनाम भाजपा: ‘आप कौन हैं?’ के सवाल पर मचा सियासी घमासान
अरविंद केजरीवाल और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज। नितिन नवीन पर केजरीवाल की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने नई दिल्ली सीट की हार की याद दिलाई। पढ़ें पूरा विवाद।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर एक ऐसी टिप्पणी कर दी जिसके बाद भगवा दल के कई नेता उन पर टूट पड़े। जवाब देते हुए केजरीवाल को उस टीस की भी याद दिला दी गई जो उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट पर मिली थी।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को अरविंद केजरीवाल जोरशोर से उठा रहे हैं। वह दोषियों को बचाने का आरोप प्रधानमंत्री पर लगाते हुए भाजपा सरकार पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नितिन नवीन ने रविवार को एक कार्यक्रम में केजरीवाल का नाम लेते हुए कहा कि हिंदू उनके झांसे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा, ‘ आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके सांझे में आ जाएंगे। क्योंकि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं। सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।’
केजरीवाल का हमला और नई दिल्ली की हार वाला वाला जवाब
अरविंद केजरीवाल ने नितिन नवीन के इस हमले का जवाब देते हुए उनसे उनका परिचय पूछ लिया। केजरीवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान को साझा करते हुए लिखा, ‘आप कौन हैं?’ फिर क्या था भाजपा के कई नेताओं ने अपने-अपने ढंग से केजरीवाल को जवाब देना शुरू किया। भाजपा नेता अमित मालवीय ने केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से उनकी हार की याद दिलाते हुए कहा, ‘उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिसने तुम्हें नई दिल्ली विधानसभा से हराया था और फिर तुम अपना मुंह छिपाकर पंजाब भाग गए थे। कुछ याद आया?’
रेखा गुप्ता ने कहा- अभी भी अहंकार सातवें आसमान पर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल को जवाब देते हुए ना सिर्फ नितिन नवीन की उपलब्धियां गिनाईं बल्कि इसे आप नेता का अहंकार बताया। रेखा गुप्ता ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जी, 46 वर्षीय नितिन नवीन जी, विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल, भारतीय जनता पार्टी, के सबसे कम आयु में नेतृत्व करने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें बिहार की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का लगातार चार बार प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में संघर्ष करते हुए उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। वर्तमान में वह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की संसद के उच्च सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। यह उनका संक्षिप्त परिचय है। आप हताश और निराश हैं, इस बात से सभी अवगत हैं। लेकिन लगता है, आपका अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर है! वैसे, कभी ममता जी ने भी पूछा था, ‘कौन अमित शाह?’ समय हर प्रश्न का उत्तर देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?’
दिल्ली की हार पर AAP से भी आया जवाब
अमित मालवीय ने केजरीवाल को नई दिल्ली की हार याद दिलाई तो ‘आप’ की ओर से इसका जवाब भी आ गया। पूर्व मंत्री और दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रवेश वर्मा की ओर से चुनाव से पहले रुपये बांटने का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘तुम्हारी औकात नहीं कि तुम अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली में हरा सको। 42,000 वोट काटने के बाद भी पैसे ,जूते साड़ियां बांटी, तब चुनाव चोरी किया। भीख मांग लेते तो केजरीवाल वैसे ही दे देते। जो RSS / BJP के लोग भगवान राम के घर में चोरी कर लें , उनके लिए चुनाव चोरी क्या चीज है। तुम्हें शर्म नहीं आएगी।’